अगर आप किसी भी फल को ज्यादा मात्रा में कंज्यूम करते हैं, तो आपकी सेहत पर पॉजिटिव की जगह नेगेटिव असर पड़ सकता है। गर्मियों के मौसम में खरबूजा बड़े चाव के साथ खाया जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि अगर आप ज्यादा मात्रा में इस फल को अपने डेली डाइट प्लान में शामिल कर लेंगे, तो आपकी सेहत बुरी तरह से प्रभावित हो सकती है? आइए ज्यादा मात्रा में खरबूजे का सेवन करने के कुछ साइड इफेक्ट्स के बारे में जानकारी हासिल करते हैं।

पेट से जुड़ी समस्याएं- ज्यादा मात्रा में खरबूजा कंज्यूम करने से गट हेल्थ पर नेगेटिव असर पड़ सकता है। गर्मियों के मौसम में ज्यादा मात्रा में खरबूजे का सेवन करने के कारण पेट खराब हो सकता है यानी आपको डायरिया, उल्टी, अपच और गैस जैसी पेट से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। अगर आप अपनी पेट की सेहत को बिगड़ने से बचाना चाहते हैं, तो आपको सही मात्रा में और सही तरीके से ही खरबूजे का सेवन करना चाहिए।
हो सकता है सर्दी-जुकाम- आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इस फल की तासीर ठंडी होती है। अगर आप ज्यादा मात्रा में ठंडी तासीर वाले खरबूजे का सेवन करेंगे, तो आप सर्दी और जुकाम की चपेट में आ सकते हैं। अगर आपको पहले से ही सर्दी, खांसी या फिर जुकाम की समस्या हो रही है, तो आपको उस दौरान खरबूजे को अपने डाइट प्लान का हिस्सा बनाने से बचना चाहिए।
डायबिटीज पेशेंट्स हो जाएं सावधान- डायबिटीज के मरीजों को इस फल का सेवन करने से बचना चाहिए। अगर आपको खरबूजा खाने का बहुत ज्यादा मन हो रहा है, तो आपको इस फल का सेवन करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर ले लेनी चाहिए वरना आपका ब्लड शुगर लेवल बढ़ सकता है। इस तरह के साइड इफेक्ट्स से बचने के लिए सही मात्रा में और सही तरीके से खरबूजे को डाइट प्लान में शामिल करना बेहद जरूरी है वरना आपको लेने के देने भी पड़ सकते हैं।
डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।





