DharamViral

क्या लोग आसानी से आपको कंट्रोल कर लेते हैं? 6 कमजोरियां आपको नचाती है दूसरे के इशारों पर

क्या लोग आसानी से आपको कंट्रोल कर लेते हैं? 6 कमजोरियां आपको नचाती है दूसरे के इशारों पर

आज की तेज रफ्तार जिंदगी में हर इंसान खुद को आजाद सोच वाला और आत्मनिर्भर दिखाना चाहता है, लेकिन सच यह भी है कि कई लोग अनजाने में दूसरों के इशारों पर जिंदगी जीने लगते हैं. कभी परिवार का दबाव, कभी रिश्तों का डर और कभी लोगों को खुश करने की आदत इंसान को इतना कमजोर बना देती है कि वह अपने फैसले खुद लेना ही भूल जाता है. यही वजह है कि कई बार लोग अपनी पसंद, अपने सपने और यहां तक कि अपनी पहचान तक खो बैठते हैं. आचार्य चाणक्य ने सदियों पहले इंसान की इन्हीं कमजोरियों को समझते हुए अपनी नीतियों में ऐसी आदतों का जिक्र किया था, जो किसी भी व्यक्ति को मानसिक रूप से कमजोर बना सकती हैं.

चाणक्य का मानना था कि जो इंसान खुद पर भरोसा नहीं करता, वह धीरे-धीरे दूसरों के कंट्रोल में आने लगता है. आज के समय में भी यह बातें उतनी ही सच लगती हैं. ऑफिस से लेकर रिश्तों तक, कई जगह लोग भावनात्मक दबाव और डर की वजह से अपनी जिंदगी दूसरों के हिसाब से जीने लगते हैं. ऐसे में जरूरी है कि इंसान अपनी कमजोरियों को पहचाने और समय रहते खुद को मजबूत बनाए.

1. सेल्फ-कॉन्फिडेंस की कमी बना देती है कमजोर
आचार्य चाणक्य के अनुसार आत्मविश्वास की कमी किसी भी इंसान की सबसे बड़ी कमजोरी बन सकती है. जिन लोगों को हर छोटे फैसले में दूसरों की राय चाहिए होती है, वे धीरे-धीरे खुद पर भरोसा करना छोड़ देते हैं. असल जिंदगी में भी ऐसे कई लोग देखने को मिलते हैं जो नौकरी बदलने से लेकर शादी जैसे बड़े फैसलों तक में दूसरों की मंजूरी ढूंढते रहते हैं. शुरुआत में यह सामान्य लगता है, लेकिन धीरे-धीरे लोग उनकी इसी कमजोरी का फायदा उठाने लगते हैं.

2. बार-बार सलाह लेना भी हो सकता है नुकसानदायक
हर बात पर दूसरों से सलाह लेने की आदत इंसान की सोचने और समझने की क्षमता को कमजोर कर सकती है. चाणक्य कहते हैं कि जो व्यक्ति अपने निर्णयों पर भरोसा करना सीख जाता है, उसे कोई आसानी से कंट्रोल नहीं कर सकता.

3. हर किसी को खुश करने की आदत पड़ सकती है भारी
कई लोगों की आदत होती है कि वे हर किसी को खुश रखने की कोशिश करते रहते हैं. उन्हें “ना” बोलने में डर लगता है. यही वजह है कि वे अपनी खुशी और जरूरतों को पीछे छोड़ देते हैं. ऐसे लोग अक्सर रिश्तों में सबसे ज्यादा भावनात्मक दबाव झेलते हैं. दोस्त, रिश्तेदार या सहकर्मी भी उनकी इसी आदत का फायदा उठाने लगते हैं. धीरे-धीरे इंसान खुद की जिंदगी से ज्यादा दूसरों की उम्मीदों को पूरा करने में लग जाता है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp,आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

4. जरूरत से ज्यादा समझौता तो नहीं कर रहे आप?
अगर आप हर बार अपनी पसंद छोड़कर दूसरों की बात मान लेते हैं, तो यह संकेत हो सकता है कि आप खुद को नजरअंदाज कर रहे हैं. चाणक्य नीति के अनुसार संतुलन बनाए रखना बेहद जरूरी है.

5. डर और इनसिक्योरिटी इंसान को बना देती है कमजोर
डर इंसान की सोचने की ताकत को सबसे ज्यादा प्रभावित करता है. कई लोग असफलता के डर से अपने सपनों को छोड़ देते हैं, जबकि कुछ लोग अकेले पड़ जाने के डर से गलत लोगों की बातें भी मानते रहते हैं. आचार्य चाणक्य का मानना था कि जो व्यक्ति डर के साये में जीता है, वह कभी भी स्वतंत्र होकर फैसले नहीं ले सकता. ऐसे लोग अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने से भी बचते हैं. यही वजह है कि धीरे-धीरे वे दूसरों के इशारों पर चलने लगते हैं.

6. गलत संगति बदल सकती है आपकी सोच
चाणक्य नीति में संगति को इंसान के जीवन का सबसे अहम हिस्सा माना गया है. जिस तरह का माहौल और लोग हमारे आसपास होते हैं, हमारी सोच भी वैसी ही बनने लगती है, अगर कोई व्यक्ति चालाक, स्वार्थी या नकारात्मक सोच वाले लोगों के बीच रहता है, तो उसकी मानसिकता भी प्रभावित होने लगती है. कई बार ऐसे लोग कमजोर मानसिक स्थिति वाले इंसानों को अपने फायदे के लिए इस्तेमाल करते हैं.

सही लोगों का साथ क्यों है जरूरी?
जो लोग आपको आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें, आपकी गलतियों पर सही सलाह दें और आपके आत्मविश्वास को मजबूत करें, वही सही संगति कहलाती है. चाणक्य के अनुसार अच्छे लोगों का साथ इंसान को मानसिक रूप से मजबूत बनाता है.

खुद की पहचान खोना सबसे बड़ी गलती
जब इंसान अपनी इच्छाओं और सपनों को महत्व देना बंद कर देता है, तभी से वह दूसरों के हिसाब से जिंदगी जीने लगता है. चाणक्य कहते हैं कि हर इंसान के लिए अपनी पहचान और आत्मसम्मान को बनाए रखना बेहद जरूरी है.

जो लोग खुद को दूसरों से कम आंकते हैं, वे सबसे जल्दी दूसरों के कंट्रोल में आते हैं. इसलिए जरूरी है कि इंसान अपनी काबिलियत पहचाने और अपने फैसलों पर भरोसा करना सीखे.

Leave a Reply