अगर आपको लगता है कि धूप में 10 से 15 मिनट बैठने से हर इंसान में विटामिन डी बन जाता है तो आपका मानना गलत है. मोटे और डार्क स्किन वाले लोगों में ये विटामिन सामान्य लोगों की तुलना में देरी से बनता है. एक सामान्य व्यक्ति को विटामिन डी लेने के लिए धूप में 15 से 20 मिनट बैठना काफी है. लेकिन जिनकी स्किन डार्क है या जो लोग मोटे हैं उनको इससे कहीं अधिक देर तक धूप सेंकने की जरूरत है. इन लोगों में विटामिन डी कैसे बनता है और कितनी देर धूप में रहना जरूरी है. ये सब जानने के लिए हमने दिल्ली एम्स में डिपार्टमेंट ऑफ आर्थोपेडिक्स में प्रोफेसर डॉ. भावकु गर्ग से बातचीत की है.

विटामिन डी हार्मोन की तरह करता है काम
डॉ गर्ग कहते हैं कि सिर्फ एक विटामिन ही नहीं है बल्कि ये हार्मोन की तरह से काम करता है. ये हड्डियों, मांसपेशियों, इम्यूनिटी और कई फंक्शन में अहम भूमिका निभाता है. इसलिए ये शरीर के लिए बहुत जरूरी है. इसकी कमी को हल्के में नहीं लेना चाहिए. लेकिन आजकल लोगों में इस विटामिन की कमी काफी देखी जा रही है. इसका प्रमुख कारण है कि लोग धूप में बैठने से अब बचते हैं. दूसरी तरफ खानपान पर भी उतना ध्यान नहीं देते हैं. लेकिन अगर आपको अपने शरीर में इस विटामिन का लेवल अच्छा रखना है तो धूप सेंकना जरूरी है. हालांकि धूप में रहने का समय हर व्यक्ति के लिए अलग- अलग हो सकता है.
विटामिन डी
किसी के लिए 20 तो किसी को 40 मिनट धूप में रहना जरूरी
डॉ. गर्ग बताते हैं कि हर व्यक्ति में विटामिन D एक जैसी मात्रा में या एक जैसे समय में नहीं बनता. बॉडी फैट, स्किन टोन और धूप में बिताया गया समय अलग अलग होना चाहिए. उदाहरण के तौर पर मोटे लोगों में विटामिन डी फैट टिश्यू में जा सकता है. इसका मतलब है कि इसकी उपलब्धता प्रभावित हो सकती है. ऐसे में सामान्य लोगों की तुलना में मोटे लोगों को धूप में 35 से 40 मिनट तक रहने की जरूरत है.
डार्क स्किन वालों को भी ज्यादा देर धूप में एक्सपोजर क्यों?
डॉर्क स्किन वालों को कम से कम 30 से 40 मिनट धूप में रहना चाहिए. ऐसा इसलिए क्योंकि इन लोगों में मेलेनिन का लेवल बढ़ा हुआ रहता है. इससे धूप से आनी वाली यूवीबी किरणों से विटामिन डी बनने में समय ज्यादा लगता है, ऐसे में डार्क स्किन वालों को सामान्य लोगों की तुलना में ज्यादा देर धूप में रहना है. तभी इन लोगों में विटामिन डी बनेगा.
सामान्य लोगों के लिए कितना समय?
सामान्य व्यक्ति के लिए कम से कम 20 मिनट धूप उपयोगी हो सकती है, हालांकि यह मौसम और धूप किस समय ली जा रही है उसपर भी निर्भर करता है. लेकिन सामान्य लोगों के लिए 15 से 20 मिनट की धूप काफी है.
किस समय की धूप बेहतर मानी जाती है?
सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे के बीच की धूप विटामिन D के लिहाज से अहम मानी जाती है. इस दौरान ध्यान रखें कि धूप में आपके बांहें, पैर और संभव हो तो पीठ का कुछ हिस्सा भी धूप में एक्सपोज होना चाहिए. इससे ही शरीर में विटामिन डी बनता है. अगर आपको धूप में स्किन टैन होने का डर है तो अपने फेस को कवर करें आप धूप में बैठ सकते हैं.
क्या सिर्फ धूप ही काफी है?
अगर शरीर में विटामिन डी का लेवल कम है तो सिर्फ धूप की काफी नहीं है. आपको खानपान का ध्यान रखना है और डॉक्टर की सलाह पर सप्लीमेंट लेने हैं. विटामिन डी के लेवल को ठीक करने के लिए सप्लीमेंट लिए जा सकते हैं. इसके बाद इसको मेंटेन करने के लिए आप रोज धूप सेक सकते हैं.
Supplements
विटामिन डी के साथ मैग्नीशियम भी लें
डॉ गर्ग कहते हैं कि विटामिन डी के साथ आप मैग्नीशियम भी लें सकते हैं. इससे विटामिन डी सही तरीके से शरीर में बनता है. ऐसे में कोशिश करें कि मैग्नीशियम के साथ विटामिन डी लें.





