नई दिल्ली: हड्डी तक पहुंचा घाव, दिमाग जमे खून के थक्के और अंदरूनी अंगों में भारी ब्लीडिंग… ग्रेटर नोएडा की दीपिका नागर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुए खुलासे डराने वाले हैं। ग्रेटर नोएडा के इकोटेक 3 में दीपिका नागर की कथित तौर पर छत से कूदकर मौत हो गई। डेढ़ साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। परिवार का आरोप है कि सुसुरालवालों ने दहेज के लालच में उसकी हत्या कर दी और बाद में उसके शव को छत से नीचे फेंक दिया। भोपाल में ट्विशा शर्मा की मौत के मामले के तुरंत बाद सामने आए इस कांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने दीपिका के पति ऋतिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार कर लिया है। इस बीच दीपिका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी सामने आ गई है जिसमें कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।

दीपिका नागर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, उनके शरीर पर कई गंभीर बाहरी और आंतरिक चोटें पाई गई हैं जो इस बात की ओर इशारा करती हैं कि मौत से पहले उन्हें काफी शारीरिक प्रताड़ना से गुजरना पड़ा होगा। रिपोर्ट में बताया गया है कि बाहरी चोटों में चेहरे, कोहनी, हाथ, जांघ, छाती, पेट और दाहिनी बांह के आस-पास गहरे घाव और सूजन शामिल हैं। इसके अलावा, उनके बाएं घुटने के जोड़ पर एक इतना गहरा घाव पाया गया है जो सीधे हड्डी तक पहुंच गया था, और उनके बाएं कान से खून बहने की भी पुष्टि हुई है। दीपिका के दिमाग के बीच और बाई ओर वाले हिस्से में खून के थक्के जमे हुए मिले हैं। इसके अलावा इंटरनल ब्लीडिंग होने की बात भी सामने आई है। उनकी बाई किडनी भी पीली पड़ चुकी थी और हार्ट चैंबर भी पूरी तरह खाली पाए गए।
रिपोर्ट के मुताबिक दीपिका के बाएं नथुने और मुंह से भी खून बह रहा था। इसके अलावा लीवर, स्पलीन यानी तिल्ली और दाहिनी किडनी भी फटी हुई पाई गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण साफ नहीं हो पाया है। ऐसे में जहरीली चीज खाई थी या नहीं, इस बात का पता लगाने के लिए सैंपल ले लिए गए हैं।
दीपिका के अंकल ने क्या बताया?
वहीं दीपिका के चाचा विशेष नागर ने कहा, उसके शव पर कोई फ्रैक्चर नहीं है। उसके शरीर पर कई निशान हैं और ऐसा लगता है कि उस पर हमला किया गया था… पेट के पास एक बड़ा घाव है, जो गोली या चाकू से लग रहा है। सिर पर भी गंभीर चोट है। अधिकारियों ने मुझे बताया कि उसके आंतरिक अंगों को काफी नुकसान पहुंचा है। हम उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई चाहते हैं।
बता दें, दीपिका की शादी करीब डेढ़ साल पहले जलपुरा गांव के निवासी ऋतिक से हुई थी। उनके पिता ने आरोप लगाया था कि शादी में 11 लाख रुपए कैश, सोना और स्कॉर्पियो गाड़ी देने के बाद भी ससुराल वाले दीपिका को परेशान करते थे। घटना वाले दिन भी वह उसके ससुराल बात करने और समझाने गए थे। लेकिन इसके कुछ देर बाद उन्हें फोन आया कि उनकी बेटी छत से गिर गई है। उसे अस्पताल लेकर जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पिता की शिकायत पर एफआईआर
पुलिस ने बताया कि दीपिका के पिता की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि महिला के पति ऋतिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार कर लिया गया है और कार्रवाई जारी है।
Khabar Monkey
शिकायत में क्या बताया?
शिकायत के अनुसार, दीपिका ने रविवार दोपहर अपने पिता संजय नागर को फोन कर बताया था कि ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। परिवारवालों का आरोप है कि ससुराल पक्ष महंगी कार और 45 से 50 लाख रुपए की मांग कर रहा था। संजय नागर ने दावा किया कि वह और कुछ रिश्तेदार रविवार शाम करीब सात बजे विवाद सुलझाने के लिए दीपिका के ससुराल गए थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि रात करीब साढ़े 12 बजे ससुराल वालों ने फोन कर बताया कि दीपिका छत से गिर गई है और उन्हें शारदा अस्पताल पहुंचने के लिए कहा। संजय नागर ने कहा, जब मैं अस्पताल पहुंचा तो मेरी बेटी की मौत हो चुकी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि दीपिका के शरीर पर चोट के कई निशान थे और कुछ घाव पेचकस से किए गए वार जैसे लग रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया, मेरी बेटी को दहेज के लिए मार दिया गया।
‘छत से गिरने के नहीं घाव’
सोमवार को परिवारवालों ने आरोप लगाया था कि शरीर पर मौजूद चोटों के निशान ऊंचाई से गिरने के कारण हुए घाव जैसे नहीं लगते, बल्कि मारपीट के लग रहे हैं। दीपिका की रिश्तेदार गीता देवी ने आरोप लगाया कि उसे छत से धक्का दिया गया और गिरने के बाद भी जब उसकी मौत नहीं हुई तो बाद में उस पर चाकू से हमला किया गया या गोली मारी गई।
परिवार का यह भी आरोप है कि दिसंबर 2024 में शादी के कुछ महीनों बाद से ही दीपिका को प्रताड़ित किया जाने लगा था। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी कराई गई है और जांच व फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर मामले में अन्य धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं।
यह घटना अगस्त 2025 में ग्रेटर नोएडा में दहेज हत्या के एक अन्य मामले के कुछ महीनों बाद सामने आई है। इस मामले में निक्की भाटी नाम की महिला को उसके पति और ससुराल वालों ने 36 लाख रुपए की दहेज मांग पूरी न होने पर पर जिंदा जला दिया था।





