Viral

कार से मारी टक्कर, फिर गोलियों से भूना, बाबा के भेष में लाठी ले घूमता था हिस्ट्रीशीटर नीरज

सोनीपत। सोनीपत में गैंगस्टर नीरज उर्फ कातिया का कोर्ट के बाहर कत्ल कर दिया गया। कार सवार बदमाशों ने कोर्ट परिसर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपियों ने पहले नीरज को टक्कर मारकर गिराया था। इसके बाद गोलियों से भून डाला। सोनीपत रोड स्थित कोर्ट परिसर के बाहर शनिवार को दिनदहाड़े गैंगस्टर नीरज उर्फ कातिया की अज्ञात हमलावरों ने चार-पांच गोलियां मारकर हत्या कर दी। कोर्ट से पैदल बस स्टैंड की ओर जा रहे नीरज को हमलावरों ने पहले सफेद रंग की ब्रेजा कार से टक्कर मारी। नीरज के सड़क पर गिरते ही गोलियां मारकर भाग गए।

कार से मारी टक्कर, फिर गोलियों से भूना, बाबा के भेष में लाठी ले घूमता था हिस्ट्रीशीटर नीरज
कार से मारी टक्कर, फिर गोलियों से भूना, बाबा के भेष में लाठी ले घूमता था हिस्ट्रीशीटर नीरज

मूलरूप से झज्जर के दूबलधन गांव का रहने वाला नीरज वर्तमान में गुरुग्राम के सेक्टर-37 सी में रहता था। उसकी शादी गांव किडौली की रहने वाली नीतू से हुई थी। नीतू ने उसके खिलाफ फरवरी, 2019 में थाना खरखौदा में दहेज उत्पीड़न, मारपीट, धमकी और अमानत में खयानत की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसी मामले में शनिवार को नीरज अपने साथियों के साथ अदालत में पेशी पर खरखौदा कोर्ट आया हुआ था।

पुलिस के अनुसार, पेशी के बाद नीरज अदालत परिसर से बाहर निकलकर बस स्टैंड की ओर जा रहा था। पहले से घात लगाए हमलावर कार से वहां पहुंचे और नीरज को सीधी टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर गिर गया। इसके बाद तीन से चार हमलावरों ने उसे चार से पांच गोलियां मारीं जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी भाग गए। मौके से मिले खोल से पता लगा है कि नीरज को पिस्तौल से गोलियां मारी गई हैं।

वारदात की सूचना मिलने के बाद एसीपी जोगिंद्र शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि टीमें हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत है। खरखौदा थाना पुलिस ने नीरज के भाई सत्यवान के बयान पर हत्या, षड्यंत्र व शस्त्र अधिनियम में प्राथमिकी दर्ज की है। गांव दूबलधन निवासी अमन उर्फ काले, साहिल व आर्यन, अमन के भांजे गांव मुरथल निवासी अमित, गांव माजरा निवासी विकास व नीरज की पत्नी नीतू व उसके भाई विक्की पर हत्या कराने का आरोप है। अमन उर्फ काले व अन्य से नीरज की रंजिश बताई जा रही है। उसकी पत्नी नीतू व साले पर षड्यंत्र में शामिल होने का आरोप लगाया गया है।

हत्या व लूट समेत 15 मामले दर्ज

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, नीरज पर कई आपराधिक मामले दर्ज थे। उस पर हत्या, हत्या की कोशिश, लूट व अपहरण समेत करीब 15 मामले दर्ज हैं। पत्नी की शिकायत में भी उसे कुख्यात अपराधी और गैंगस्टर बताया गया था। 2020 में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। उसके बाद से मामला अदालत में विचाराधीन था। उसकी गांव में रंजिश बताई गई है।

बाबा के भेष में रहता था नीरज, लाठी लेकर घूमता था हिस्ट्रीशीटर
दहेज उत्पीड़न मामले में पेशी पर आए हिस्ट्रीशीटर नीरज उर्फ कातिया की खरखौदा न्यायालय परिसर के बाहर हुई हत्या ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। हत्या से पहले नीरज ने अपना हुलिया पूरी तरह बदल लिया था। कभी जींस-शर्ट में नजर आने वाला नीरज कुछ समय से बाबा के भेष में रहने लगा था। झज्जर के दूबलधन के नीरज उर्फ कातिया ने अब सफेद बाना धारण कर लिया था। बाल बढ़ा लिए थे। चप्पल-जूते तक पहनना छोड़ दिया था। हाथ में लाठी लेकर वह साधु-संतों जैसी वेशभूषा में दिखाई देता था।

Khabar Monkey

पुलिस और आसपास के लोगों के बीच चर्चा है कि नीरज या तो धार्मिक गतिविधियों में लीन हो गया था या फिर अपनी पहचान छिपाने के लिए उसने यह भेष अपनाया था। हालांकि, शनिवार को पेशी के लिए पहुंचे नीरज को हमलावरों ने पहचान लिया और अदालत परिसर से बाहर निकलते ही गोलियों से भून दिया।

पत्नी की शिकायत के बाद सामने आया था गैंगस्टर का चेहरा
नीरज की शादी वर्ष 2013 में किडौली निवासी नीतू से हुई थी। नीतू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि शादी के करीब तीन महीने बाद ही नीरज हत्या के एक मामले में जेल चला गया था। उसी दौरान उसे पता चला कि उसका पति कुख्यात अपराधी और हिस्ट्रीशीटर है। शिकायत के अनुसार नीरज और उसके परिवार ने उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया तथा जेल से छुड़वाने के लिए उसके पिता की जमीन तक गिरवी रखवा दी थी। बाद में नीतू दिल्ली में रहने लगी और वहीं से उसने पति व ससुराल पक्ष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसी मामले में नीरज अदालत में पेशी पर आया हुआ था।

हत्या, लूट, अपहरण और फिरौती सहित 15 से ज्यादा केस
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार नीरज उर्फ कातिया पर हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, अपहरण और फिरौती मांगने जैसे करीब 15 संगीन मामले दर्ज थे। उसके खिलाफ झज्जर, सोनीपत, गुरुग्राम, रोहतक, दादरी और दिल्ली तक विभिन्न थानों में केस दर्ज बताए गए हैं।

अपहरण के मामले में दिल्ली पुलिस ने पकड़ा था
दिल्ली के आनंद पर्वत इलाके में उसने एक कारोबारी का अपहरण कर उसके परिवार से पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। कारोबारी की कार, नकदी और सामान लूटने के बाद उसे सड़क किनारे फेंक दिया गया था। बाद में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कुतुब मीनार क्षेत्र में मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार किया था। उस दौरान पुलिस ने उसके लॉरेंस बिश्नोई गैंग से संपर्क होने की बात भी कही थी।

कोर्ट में पहले भी हुए हैं हमले
खरखौदा और सोनीपत जिले में अदालत में पेशी के दौरान हमलों की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 24 अक्तूबर 2025 को खरखौदा में नितिन सैनी हत्या मामले में पेशी पर जा रहे पिता-पुत्र धर्मबीर और मोहित की एनएच-334बी पर गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी।

वर्ष 2021 में सोनीपत न्यायालय में पेशी पर आए कुख्यात अजय उर्फ बिट्टू बरोणा को उसकी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी ने गोली मार दी थी। इसके बाद हमलावरों ने उसके पिता कृष्ण की भी हत्या कर दी थी।

11 मार्च 2016 को गन्नौर न्यायालय में पेशी पर आए बदमाश विकास दूधिया की भी बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।

अक्तूबर, 2010 को सोनीपत कोर्ट में पेशी के लिए लेकर आए गांव बुटाना निवासी ओमप्रकाश उर्फ प्रकाश फौजी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

वर्ष 2009 में सोनीपत कोर्ट में पेशी पर लाए गए बुटाना निवासी संजय की हत्या कर दी गई थी।

Leave a Reply