हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड ने कॉस्ट का दबाव बने रहने और प्रॉफिट मार्जिन को बनाए रखने के प्रयासों के बीच अपने घरेलू इस्तेमाल के प्रोडक्ट्स की कटेगिरी में सर्फ एक्सेल, रिन और व्हील जैसे लोकप्रिय डिटर्जेंट ब्रांड के कई प्रोडक्ट्स की एमआरपी में 11 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की है. पिछले महीने एचयूएल की प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रिया नायर ने कहा था कि कंपनी कच्चे माल की लागत में उतारचढ़ाव के आधार पर कीमतों में सोचसमझकर बढ़ोतरी जारी रखेगी. उन्होंने कहा था कि जिंस की ऊंची महंगाई चुनौती बनी हुई है, हालांकि मांग में मजबूती कायम है.

कितनी बढ़ाई सर्फ की कीमतें
कीमतों में बदलाव विभिन्न पैक के आकार के आधार पर किया गया है. इनमें एक रुपए से लेकर 10 रुपए तक की बढ़ोतरी हुई है. कंपनी ने सर्फ एक्सेल क्विक वॉश के एक किलोग्राम वाले पैक की कीमत 235 रुपए से बढ़ाकर 245 रुपए कर दी है. वहीं, 500 ग्राम वाले पैक का दाम 123 रुपए से बढ़ाकर 128 रुपए कर दिया गया है. सर्फ एक्सेल ईजी वॉश के एक किलोग्राम वाले पैक की कीमत 167 रुपए से पांच रुपए बढ़ाकर 172 रुपए और 500 ग्राम वाले पैक की कीमत 85 रुपए से बढ़ाकर 87 रुपए कर दी गई है. सर्फ एक्सेल साबुन की कीमत तीन रुपए बढ़ाकर 45 रुपए कर दी गई है. वहीं, 200200 ग्राम की चार साबुन वाली पैकिंग का दाम 10 रुपये बढ़ाकर 155 रुपए कर दिया गया है.
रिन और व्हील
एचयूएल ने रिन और व्हील उत्पादों के दाम भी बढ़ाए हैं. रिन आला की कीमत पांच रुपए बढ़ाकर 95 रुपए कर दी गई है. रिन डिटर्जेंट पाउडर के एक किलोग्राम और 500 ग्राम वाले पैक के दाम क्रमशः तीन रुपए और दो रुपए बढ़ाकर क्रमशः 123 रुपए और 63 रुपए कर दिए गए हैं. इसी तरह, व्हील डिटर्जेंट पाउडर के एक किलोग्राम वाले पैक की कीमत तीन रुपये बढ़ाकर 93 रुपये कर दी गई है. इसके 500 ग्राम वाले पैक का दाम 46 रुपये से बढ़ाकर 47 रुपये कर दिया गया है.
कपड़े धोने का साबुन
इसके अलावा एचयूएल ने मोती गुलाब साबुन की कीमत भी 74 रुपए से बढ़ाकर 82 रुपए कर दी है. इसमें 10 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी हुई है. ये नई कीमतें ऐसे समय में बढ़ाई गई हैं जब रोजमर्रा के इस्तेमाल का सामान बनाने वाली कंपनियां कच्चे माल की बढ़ती लागत के असर से निपटने के लिए विभिन्न उत्पाद श्रेणियों में कीमतों में बदलाव कर रही हैं. साथ ही, वे प्रतिस्पर्धी बाजार में बिक्री की मात्रा में वृद्धि बनाए रखने की भी कोशिश कर रही हैं.