रणवीर सिंह के ‘डॉन 3’ से बाहर होने को लेकर चल रहा विवाद हर दिन नया मोड़ लेता दिख रहा है। बुधवार को प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया ने एक कड़ा बयान जारी करते हुए कहा कि किसी फिल्म की शूटिंग शुरू होने से ठीक पहले कलाकारों, निर्देशकों या तकनीशियनों का प्रोजेक्ट छोड़ देना इंडस्ट्री के लिए गंभीर समस्या है। हालांकि गिल्ड ने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन उसने पुष्टि की कि उन्हें ऐसी कई औपचारिक शिकायतें मिली हैं।

इसी बीच, फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉईज (FWICE) ने रणवीर सिंह के खिलाफ जारी अपना गैर-सहयोग (नॉन-कोऑपरेशन) आदेश वापस ले लिया। यह फैसला इंडस्ट्री की कई प्रमुख संस्थाओं के हस्तक्षेप और बातचीत के बाद लिया गया। हालांकि, यह मामला यहीं नहीं थमा। अब रणवीर शौरी ने इस मुद्दे पर एक पोस्ट किया है और गिल्ड के रुख पर सवाल उठाए हैं।
यह भी पढ़ें:
रणवीर शौरी ने किया ये पोस्ट
रणवीर ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा, “आपको यकीन नहीं होगा कि प्रोड्यूसर कितनी बार बिना किसी एक्टर को हुए नुकसान के मुआवजे का जिक्र किए, एकतरफा तौर पर प्रोजेक्ट रद्द या उसमें देरी कर देते हैं।” बता दें कि अब उनकी इस पोस्ट से सोशल मीडिया पर नई बहस छिड़ गई है।
कई यूजर्स ने उनके दावों को चुनौती दी। जब एक यूजर ने साइनिंग अमाउंट का जिक्र किया और उनसे पूरी तस्वीर पर गौर करने का आग्रह किया, तो शौरी ने जवाब दिया, “यह शायद ही कभी दिया जाता है या फिर प्रोडक्शन शुरू होने से कुछ दिन पहले दिया जाता है। आप एक एंटरटेनमेंट वकील हैं, आपको यह पता होना चाहिए। वैसे, मैं एक फिल्म प्रोड्यूसर का बेटा हूं, इसलिए इस बात पर शक मत करना कि मुझे पूरी तस्वीर के बारे में पता है।”
एक अन्य यूजर ने कमेंट किया, “जितने प्रोड्यूसर किसी एक्टर को हल्के में लेते हैं, उससे कहीं ज्यादा एक्टर किसी प्रोड्यूसर को हल्के में लेते हैं। नए प्रोड्यूसरों का शोषण कहीं ज्यादा गहरा होता है, जो अक्सर शूट की डेट फंसा देने की वजह से दिवालिया हो जाते हैं। शौरी ने इसका भी जवाब दिया और लिखा, “आप एक्टरों की बात नहीं कर रहे हैं। वे तो ‘स्टार’ हैं।”
प्रोड्यूसर्स गिल्ड ने कही थी ये बात
प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया ने बुधवार को कहा कि उसे अपने सदस्यों, एक्सेल एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड और पैनोरमा स्टूडियोज इंटरनेशनल लिमिटेड से औपचारिक शिकायतें मिली हैं। ये शिकायतें उन मुद्दों को लेकर थीं जो कथित तौर पर मुख्य फिल्मिंग शुरू होने से कुछ ही दिन पहले सामने आई, जिससे पहले से तय प्रोडक्शन में रुकावट आई। अपने बयान में, गिल्ड ने इस बात पर चिंता जताई कि एक्टर, डायरेक्टर और टेक्नीशियन पहले से किए गए वादों के बावजूद, आखिरी मिनट में प्रोजेक्ट से पीछे हट रहे हैं।
Khabar Monkey
यह भी पढ़ें:












