अडानी ग्रुप का एयरपोर्ट कारोबार साल 2027 तक शेयर बाजार में लिस्टिंग के लिए तैयार हो सकता है. ग्रुप के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर जुगेशिंदर सिंह ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. उन्होंने कहा कि कंपनी का एयरपोर्ट कारोबार अब अपने निवेश की जरूरतों को खुद पूरा करने की स्थिति में है. इसके लिए जरूरी कारोबारी ढांचा भी लगभग तैयार है. हालांकि, कंपनी ने अभी लिस्टिंग की कोई निश्चित तारीख तय नहीं की है. इस पर अंतिम फैसला संबंधित बोर्ड लेगा.

मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक, अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड को उसकी मूल कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज से अलग करने की तैयारी चल रही है. इसे डीमर्जर कहा जाता है. इसके बाद एयरपोर्ट कारोबार को शेयर बाजार में लिस्टेड कराया जा सकता है. कंपनी आईपीओ के जरिए भी बाजार से पैसा जुटाने का विकल्प देख सकती है.
अगले 6 से 9 महीने अहम
जुगेशिंदर सिंह ने कहा कि एयरपोर्ट कारोबार की निवेश योजनाओं को पूरा करने की क्षमता अब मजबूत हो गई है. कंपनी का कारोबारी ढांचा भी तय योजना के मुताबिक तैयार हो रहा है. अगले 6 से 9 महीनों में इस दिशा में और स्पष्टता आने की उम्मीद है. उन्होंने बताया कि कंपनी 2027 में या उसके बाद भी लिस्टिंग का फैसला ले सकती है. इसका निर्णय संबंधित बोर्ड करेगा. इससे पहले अडानी ग्रुप ने 2027 से 2030 के बीच एयरपोर्ट कारोबार को शेयर बाजार में लाने के विकल्पों पर विचार करने की बात कही थी. इसमें आईपीओ और डीमर्जर दोनों विकल्प शामिल हैं.
एयरपोर्ट कारोबार की कमाई बढ़ाने की तैयारी
अडानी एयरपोर्ट्स की कुल कमाई में फिलहाल करीब 60% हिस्सा गैरविमानन कारोबार से आता है. इसमें एयरपोर्ट पर दुकानों, खानेपीने की जगहों, पार्किंग और दूसरी सुविधाओं से होने वाली कमाई शामिल है. कंपनी अगले साल तक इस हिस्से को बढ़ाकर 65% करने की योजना बना रही है. इसका मकसद सिर्फ यात्रियों से मिलने वाले शुल्क पर निर्भर रहने के बजाय एयरपोर्ट पर उपलब्ध दूसरी सुविधाओं से भी कमाई बढ़ाना है.