लखनऊ में AIMIM के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है. लखनऊ में आयोजित ‘बहुजन स्वराज संकल्प रैली’ को संबोधित करते हुए ओवैसी ने कहा कि यूपी में दलित और मुसलमान अगर परेशान हैं तो इसकी वजह अखिलेश यादव हैं. उन्होंने मुस्लिम समाज को लेकर सपा की राजनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि अखिलेश यादव मुसलमानों का वोट तो हासिल करते हैं, लेकिन उन्हें सिर्फ दरी बिछाने के काम पर लगाना जानते हैं. अब अब्दुल दरी नहीं बिछाएगा, बल्कि अपना हिस्सा लेगा और नेता बनेगा.

असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, ‘अब्दुल दरी बिछाएगा या नेता बनेगा? अब्दुल अब सिर्फ दरी नहीं बिछाएगा. अब्दुल अपना हिस्सा लेगा और अब्दुल को उसका हिस्सा बनेगा. अब्दुल अब सिर्फ वोटर नहीं बनेगा.’ उन्होंने दावा किया कि मुस्लिम समाज अपने वोट की ताकत से चंद्रशेखर आजाद को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाएगा. ओवैसी ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री बनना पड़ेगा, तभी जाकर जुल्म को रोका जा सकेगा.
संविधान की हिफाजत व बराबरी के हक के लिए लखनऊ में जनसैलाब। @asadowaisi | सामाजिक परिवर्तन मोर्चा https://t.co/9no952gP8n
— AIMIM November 26, 2026
करहल से यादव उम्मीदवार उतारने पर अखिलेश को घेरा
असदुद्दीन ओवैसी ने अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा कि वह करहल से किसी मुसलमान को टिकट देकर दिखाएं. उन्होंने सपा प्रमुख से सवाल किया कि जब मुजफ्फरनगर दंगों के दौरान ठंड में बच्चे तड़पतड़पकर मर रहे थे, तब वह कहां थे? ओवैसी ने कहा कि अखिलेश यादव उनसे सवाल कर रहे हैं, लेकिन उन्हें अपने कार्यकाल का हिसाब देना चाहिए. ओवैसी ने अपने भाषण में मुजफ्फरनगर दंगों का जिक्र करते हुए कहा, ‘जब सैफई में नंगा नाच हो रहा था, जब मुंबई से नाचने वालों को दो घंटे के लिए पैसे देकर बुलाया जाता था और तुम नंगा नाच देख रहे थे, तब मुजफ्फरनगर की सर्दी में बच्चे तड़पतड़पकर मर रहे थे. तुम कहां थे? बताओ, तुम्हें नजर नहीं आए?’
स्वराज का मतलब न हिंदू राष्ट्र, न ठाकुर राज और न यादव राज
असदुद्दीन ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद के परिवार से मुलाकात का भी जिक्र किया. ओवैसी ने कहा कि वह चंद्रशेखर के घर गए, उनकी मां से मिले और उनका आशीर्वाद लिया. उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर की मां ने उन्हें आशीर्वाद दिया और उन्होंने उनके साथ बैठकर खाना खाया. ओवैसी ने कहा कि वह उस घर को अपना घर समझते हैं. रैली में ओवैसी ने संविधान और स्वराज के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर लिखकर गए हैं कि देश संविधान से चलेगा. उन्होंने यूपी की जनता से सामाजिक परिवर्तन मोर्चा का साथ देने की अपील की. गठबंधन को लेकर ओवैसी ने कहा, ‘ये सिर्फ हाथ मिलाने का मिलन नहीं, ये दिलों का मिलन हो गया है.’
एनकाउंटर, गिरफ्तारी और मॉब लिंचिंग के आंकड़े रखे
असदुद्दीन ओवैसी ने अपने भाषण में प्रदेश में एनकाउंटर, गिरफ्तारी और मॉब लिंचिंग की घटनाओं का भी जिक्र किया. उन्होंने दावा किया कि मार्च 2017 से अक्टूबर 2026 तक उत्तर प्रदेश में 316 लोगों को एनकाउंटर में मारा गया, जिनमें 110 मुसलमान थे. उन्होंने यह भी दावा किया कि 105 मुसलमानों का हाफ एनकाउंटर हुआ. ओवैसी ने अगस्तसितंबर के दौरान उत्तर प्रदेश में 152 लोगों की हिरासत और गिरफ्तारी का जिक्र किया. इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि सितंबर 2026 में मॉब लिंचिंग की घटनाओं में 14 लोगों पर हमले हुए.
असदुद्दीन ओवैसी ने नेपाल सीमा से सटे उत्तर प्रदेश के जिलों में मदरसों, दरगाहों और ईदगाहों पर कार्रवाई का आरोप लगाया. उन्होंने श्रावस्ती, बहराइच, सिद्धार्थनगर और महाराजगंज का नाम लेते हुए कहा कि इन जिलों में साढ़े तीन सौ से ज्यादा मदरसों, दरगाहों और ईदगाहों को या तो तोड़ दिया गया या सील कर दिया गया. उन्होंने दावा किया कि सिद्धार्थनगर में 104 मदरसों और एक मस्जिद को शहीद कर दिया गया.
‘दाढ़ीमूंछ वाला मुख्यमंत्री बनेगा, अब क्लीन शेव चेहरासिर वाला नहीं’
असदुद्दीन ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री बनाने की अपनी अपील को आगे बढ़ाते हुए कहा कि अब उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री का चेहरा बदलना चाहिए. उन्होंने कहा, ‘किसी ने कहा है कि यह दाढ़ी वाले और मूंछ वाले का इतिहास है. अब हम उसे क्लीन शेव से कहना चाह रहे हैं और दूसरे क्लीन शेव चेहरे और सिर से भी कहना चाह रहे हैं कि अब तुम नहीं बनोगे मुख्यमंत्री, मूंछ वाला मुख्यमंत्री बनेगा.’
चंद्रशेखर आजाद को लेकर ओवैसी ने अपने अंदाज में कहा, ‘चंद्रशेखर आजाद पर दिल आ गया. अब इसमें लोग बोलेंगे लव इज ब्लाइंड, तो मैं कहूंगा हां.’ इसके बाद उन्होंने योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि क्या कभी लोगों ने योगी की जुबान से प्यारमोहब्बत की बात सुनी है? ओवैसी के मुताबिक, योगी नफरत की बात करेंगे और परिवारवाद का मुद्दा उठाएंगे. उन्होंने अखिलेश यादव पर भी परिवारवाद को लेकर हमला बोला. ओवैसी ने कहा, ‘बात करेंगे लोहिया की, मगर काम करेंगे खानदान का.’