खुशी कोई बड़ी या महंगी चीजों में ही मिले, ऐसा ज़रूरी नहीं होता. अक्सर ये हमारे आसपास ही बिखरी होती है, बस उसे महसूस करने के लिए सही नजरिए की जरूरत होती है. जब जिंदगी में कुछ चीजें हमारी पहुंच से बाहर होती हैं, तब इंसान खुद ही ऐसे छोटे-छोटे तरीके ढूंढ लेता है जो उसे मुस्कुराने की वजह दे सकें. हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो इसी सच्चाई को बेहद खूबसूरती से दिखाता है.

ये वीडियो एक छोटे से बच्चे का है, जो साधारण परिस्थितियों में भी खुशी का अनोखा तरीका खोज लेता है. वीडियो को एक इंस्टाग्राम यूजर ने शेयर किया है और इसे देखकर लोगों के चेहरे पर अनायास ही मुस्कान आ जाती है. देखने से ऐसा लगता है कि ये दृश्य किसी गांव का है, जहां खुले माहौल में बच्चे खेलते और अपनी दुनिया में मस्त रहते हैं.
क्यों खास है ये वीडियो?
वीडियो में एक बच्चा घर के बाहर नहाता हुआ नजर आता है. उसके पास कोई महंगा शावर या एडवांस सुविधा नहीं है, लेकिन उसने अपनी समझदारी और रचनात्मकता से एक देसी जुगाड़ तैयार कर लिया है. वह पहले आराम से अपने शरीर पर साबुन लगाता है, जैसे आमतौर पर हर कोई करता है. लेकिन इसके बाद जो वह करता है, वही इस वीडियो को खास बना देता है.
बच्चा पास पड़ी एक फूलझाड़ू उठाता है और ऊपर एक डंडी से टंगी पानी से भरी थैली में कई छोटे-छोटे छेद कर देता है. जैसे ही वह ऐसा करता है, थैली से पानी पतली धारों में नीचे गिरने लगता है. ये दृश्य बिल्कुल किसी शावर जैसा लगता है. पानी की धार अपने ऊपर गिरते देख बच्चा बेहद खुश हो जाता है. उसकी खुशी साफ तौर पर उसके हाव-भाव और हरकतों में झलकती है. वह मस्ती में झूमने लगता है, कभी घूमता है, कभी पानी के नीचे खड़ा होकर आनंद लेता है. उसकी ये सादगी भरी खुशी दिल को छू जाती है. वहीं पास में बैठे दो छोटे बच्चे भी उसे देखकर मुस्कुराने लगते हैं और उस पल का आनंद उठाते हैं. ये पूरा दृश्य बेहद मासूम और दिल को सुकून देने वाला है.
सोशल मीडिया पर ये वीडियो तेजी से फैल गया है और लोगों ने इसे खूब पसंद किया है. यूजर्स इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कुछ लोगों ने ये भी कहा कि जीवन में हर चीज का होना जरूरी नहीं है. कई बार अभाव में भी इंसान ज्यादा सच्ची खुशी महसूस कर सकता है. ये इस बात का प्रमाण है कि खुशी बाहरी चीजों पर नहीं, बल्कि हमारे सोचने के तरीके और नजरिए पर निर्भर करती है.
यहां देखिए वीडियो
Instagram पर यह पोस्ट देखें





