देश के बैंकिंग सेक्टर में तीन ऐसे बड़े नाम हैं, जिनका असर पूरी अर्थव्यवस्था पर पड़ता है. भारतीय रिजर्व बैंक ने 23 नवंबर को एक बार फिर इन तीन दिग्गज बैंकों पर अपनी मुहर लगा दी है. स्टेट बैंक ऑफ इंडिया , एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक को 2026 की डोमेस्टिक सिस्टमेटिकली इंपोर्टेंट बैंक्स लिस्ट में बनाए रखा गया है. यानी ये देश के वो सबसे अहम बैंक हैं, जिन पर रिजर्व बैंक की खास नजर रहती है. पिछले साल के मुकाबले इस बार भी इनकी कैटेगरी और एक्स्ट्रा पूंजी रखने के नियमों में कोई बदलाव नहीं किया गया है.

किस बैंक को कितना एक्स्ट्रा कैपिटल रखना होगा
रिजर्व बैंक ने इन तीनों बैंकों को अलगअलग बकेट में रखा है. सरकारी क्षेत्र के सबसे बड़े बैंक एसबीआई को बकेट 4 में बरकरार रखा गया है. इसके तहत एसबीआई को अपने रिस्कवेटेड एसेट्स का 0.80 फीसदी एक्स्ट्रा कॉमन इक्विटी टियर 1 कैपिटल के तौर पर रखना होगा. वहीं, प्राइवेट सेक्टर के एचडीएफसी बैंक को बकेट 2 में ही रखा गया है. उसे अपने रिस्कवेटेड एसेट्स का 0.40 फीसदी एक्स्ट्रा CET1 कैपिटल रखना होगा. तीसरे बड़े नाम आईसीआईसीआई बैंक को बकेट 1 में जगह मिली है और उसके लिए ये शर्त 0.20 फीसदी तय की गई है. आरबीआई ने अपनी प्रेस रिलीज में साफ किया है कि ये एक्स्ट्रा कैपिटल, पहले से लागू कैपिटल कंजर्वेशन बफर के अलावा होगा.
डीएसआईबी लिस्ट का पूरा गणित क्या है
आखिर रिजर्व बैंक ये लिस्ट क्यों बनाता है. दरअसल, डीएसआईबी फ्रेमवर्क के तहत आरबीआई उन बैंकों की पहचान करता है, जिनके डूबने या फेल होने से देश के फाइनेंशियल सिस्टम और पूरी अर्थव्यवस्था पर बड़ा असर पड़ सकता है. बैंकों को उनके सिस्टमेटिक इंपोर्टेंस स्कोर के आधार पर अलगअलग बकेट में रखा जाता है. बैंक जितना ऊपर के बकेट में होगा, उसे उतना ही ज्यादा एक्स्ट्रा कैपिटल सुरक्षित रखना होगा. इस फ्रेमवर्क में कुल पांच बकेट बनाए गए हैं, जिनमें एक्स्ट्रा CET1 कैपिटल की शर्त 0.20 फीसदी से लेकर 1 फीसदी तक जाती है. दिलचस्प बात ये है कि साल 2026 की लिस्ट में बकेट 3 और बकेट 5 में किसी भी बैंक को नहीं रखा गया है. ये ताजा वर्गीकरण 31 मार्च 2026 तक बैंकों से जुटाए गए डेटा के आधार पर तैयार किया गया है.
साल 2014 से अब तक कैसे बदला ये फ्रेमवर्क
डीएसआईबी का ये नियम नया नहीं है. रिजर्व बैंक ने इस फ्रेमवर्क की शुरुआत 22 जुलाई 2014 को की थी. बाद में समय के साथ जरूरत को देखते हुए इसे 28 दिसंबर 2023 को अपडेट किया गया. इस नियम के मुताबिक केंद्रीय बैंक को हर साल ऐसे अहम बैंकों के नाम सार्वजनिक करने होते हैं. अगर इन तीनों बैंकों के इस लिस्ट में शामिल होने के सफर को देखें, तो आरबीआई ने सबसे पहले साल 2015 में एसबीआई को डीएसआईबी घोषित किया था. इसके अगले साल यानी 2016 में आईसीआईसीआई बैंक इस लिस्ट का हिस्सा बना. वहीं, एचडीएफसी बैंक को साल 2017 में इस खास श्रेणी में जोड़ा गया था. तब से ये तीनों बैंक लगातार इस लिस्ट में बने हुए हैं.
विदेशी बैंकों के लिए क्या हैं आरबीआई के नियम
रिजर्व बैंक की इस सख्ती के दायरे में सिर्फ देसी बैंक ही नहीं हैं. आरबीआई ने ये भी साफ किया है कि भारत में अपनी ब्रांच के जरिए काम करने वाले विदेशी बैंकों को भी नियमों का पालन करना होगा. अगर किसी विदेशी बैंक को ग्लोबल सिस्टमेटिकली इंपोर्टेंट बैंक के रूप में पहचाना गया है, तो उसे भी भारत में एक्स्ट्रा CET1 कैपिटल सरचार्ज रखना होगा. ये सरचार्ज भारत में मौजूद उस बैंक के रिस्कवेटेड एसेट्स के अनुपात में तय किया जाता है. इस तरह रिजर्व बैंक देश के बैंकिंग सिस्टम को हर स्तर पर मजबूत और सुरक्षित रखने की अपनी रणनीति पर कायम है.