Sanjay Dutt Khalnayak 2: साल 1993 में आई संजय दत्त की एक्शन-क्राइम फिल्म ‘खलनायक’ काफी पसंद की गई थी. कहानी, कलाकारों की एक्टिंग और सुभाष घई का डायरेक्टशन, हर चीज ने लोगों का दिल जीत लिया था. यही वजह थी कि फिल्म सुपरहिट हो गई थी और आज भी संजय के करियर की बेस्ट फिल्मों में ‘खलनायक’ का नाम लिया जाता है. तमाम फैंस उस समय एक्साइटेड हो गए जब 24 अप्रैल की शाम संजय दत्त ने ‘खलनायक 2’ की घोषणा कर दी है. उन्होंने एक टीजर वीडियो भी रिलीज कर दिया और बता दिया कि उनकी फिल्म का सीक्वल आने वाला है. फैंस काफी खुश हो गए. लेकिन, जरा ठहरिए. अभी ये फिल्म बहुत शुरुआती स्टेज पर है.

अमूमन ऐसा होता है कि जब फिल्म की कहानी के साथ-साथ डायरेक्टर का नाम भी फाइनल हो जाता है, उसके बाद ही घोषणा होती है. पर ‘खलनायक 2’ के साथ ऐसा नहीं है. जानकारी के अनुसार अभी इस फिल्म की स्क्रिप्ट तैयार नहीं हुई है. डायरेक्ट कौन करेगा, ये भी पता नहीं है. एक्ट्रेस का नाम भी फाइनल नहीं हुआ. अगर कुछ पक्का है तो वो बस संजय दत्त हैं, जो इस फिल्म में एक बार फिर से अपने पुराने किरदार बल्लू के रोल में नजर आएंगे.
View this post on Instagram
सुभाष घई डायरेक्टर नहीं करेंगे ‘खलनायक रिटर्न्स’
‘खलनायक 2’ को ‘खलनायक रिटर्न्स’ का नाम दिया गया है. टीजर लॉन्चिंग के लिए 24 अप्रैल को मुंबई में एक इवेंट का आयोजन हुआ, जहां सुभाष घई से सवाल हुआ कि क्या वो ही इस फिल्म को डायरेक्ट करेंगे. इसपर उन्होंने ‘न’ में जवाब दिया. उन्होंने बताया कि वो इस फिल्म को डायरेक्ट नहीं करेंगे. हालांकि, मेंटॉर के तौर पर वो प्रोजेक्ट से जुड़े रहेंगे.
–
संजय दत्त ने ‘खलनायक रिटर्न्स’ पर क्या कहा?
संजय दत्त ने ‘खलनायक 2’ के बारे में बात करते हुए कहा कि वो इस फिल्म को बेस्ट बनाएंगे. अच्छे से अच्छे लोगों के पास जाएंगे, ताकि फिल्म में कोई कमी न रह जाए. उन्होंने ये भी कहा कि वो अपनी पूरी कोशिश करेंगे कि फिल्म की स्क्रिप्ट बेस्ट बने. यानी अब कुछ भी फाइनल नहीं है. एक बार कहानी फाइनल हो जाएगी, उसके बाद ही कास्टिंग का प्रोसेस शुरू हो सकता है. और उसके बाद ये फिल्म फ्लोर पर जाएगी, यानी शूटिंग शुरू होगी. यानी ‘खलनायक 2’ का इंतजार अभी बहुत लंबा होने वाला है.





