भारत के लग्जरी कार बाजार में बड़ा बदलाव देखने को मिला है. साल 2026 की पहली छमाही में BMW ने लंबे समय से नंबर1 रही MercedesBenz को पीछे छोड़ दिया है. इससे पहली बार BMW भारत की सबसे बड़ी लग्जरी कार कंपनी बन गई है. वाहन रजिस्ट्रेशन डेटा के मुताबिक, BMW ने इस दौरान MINI ब्रांड समेत कुल 10,043 लग्जरी वाहन रजिस्टर किए. वहीं, MercedesBenz के नाम 9,472 वाहनों का रजिस्ट्रेशन दर्ज हुआ.

BMW की बिक्री में पिछले साल की तुलना में 15% की बढ़ोतरी हुई, जबकि पूरे लग्जरी कार बाजार में औसत ग्रोथ सिर्फ 4% रही. दूसरी ओर MercedesBenz की रजिस्ट्रेशन संख्या 3% घट गई. इसी वजह से BMW ने बाजार में 38% हिस्सेदारी हासिल कर ली, जबकि Mercedes की हिस्सेदारी घटकर 35% रह गई. हालांकि, अगर डीलरशिप के जरिए ग्राहकों को हुई वास्तविक डिलीवरी की बात करें, तो MercedesBenz अब भी पहले स्थान पर है. कंपनी ने 9,768 कारें ग्राहकों को सौंपीं, जबकि BMW ने 8,571 कारें और उसकी सहयोगी ब्रांड MINI ने 504 कारें बेचीं.
BMW की सफलता के कारण
BMW के प्रेसिडेंट और CEO हरदीप सिंह बराड़ ने कहा कि कंपनी की सफलता के पीछे चार बड़ी वजहें हैं. इनमें कंपनी की इलेक्ट्रिक वाहन रणनीति, देश के नए शहरों में विस्तार, लॉन्ग व्हीलबेस मॉडल्स पर फोकस और बेहतर ग्राहक अनुभव शामिल हैं. उन्होंने बताया कि कंपनी ने साल 2026 की पहली छमाही में 11 नए मॉडल लॉन्च किए हैं. वहीं, दूसरी छमाही में 14 और नए मॉडल लॉन्च किए जाएंगे. इनमें पेट्रोलडीजल कारों के साथसाथ कई नई इलेक्ट्रिक कारें, नई सेडान और SUV भी शामिल होंगी.
इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री बढ़ी
BMW की सफलता में इलेक्ट्रिक कारों का बड़ा योगदान रहा है. पिछले साल कंपनी की कुल बिक्री में EV की हिस्सेदारी 21% थी, जो अब बढ़कर 26% हो गई है. यानी भारत में बिकने वाली हर चार BMW में से एक इलेक्ट्रिक कार है. कंपनी ने अपने नेटवर्क का भी तेजी से विस्तार किया है. फिलहाल BMW के 40 शहरों में 100 टचपॉइंट हैं और इस साल 18 शहरों में 19 नए आउटलेट खोलने की योजना है. BMW की सहयोगी ब्रांड MINI ने भी शानदार प्रदर्शन किया है. इसकी बिक्री 70% बढ़कर 504 यूनिट पर पहुंच गई.
SUV सेगमेंट में भी दबदबा
SUV सेगमेंट में भी BMW का दबदबा कायम है. कंपनी ने इस दौरान 5,926 मॉडल बेचे, जो सालाना आधार पर 35% की बढ़ोतरी है. कुल बिक्री में इनकी हिस्सेदारी 65% रही. BMW की 5 Series Long Wheelbase भी ग्राहकों की पसंदीदा कार बनकर उभरी है. कंपनी ने साल की पहली छमाही में इस मॉडल की 1,200 से ज्यादा यूनिट्स बेची हैं. इससे साफ है कि भारत में लग्जरी कार खरीदार अब ज्यादा स्पेस, आराम, इलेक्ट्रिक तकनीक और प्रीमियम फीचर्स वाली कारों को प्राथमिकता दे रहे हैं.




