शेयर बाजार में उतारचढ़ाव के बीच पतंजलि फूड्स ने अपने निवेशकों को राहत भरी खबर दी है. कंपनी के बोर्ड ने चालू वित्त वर्ष के लिए दूसरे अंतरिम डिविडेंड पर मुहर लगा दी है. इस फैसले के तहत शेयरधारकों को हर इक्विटी शेयर पर 1.25 रुपये मिलेंगे. कंपनी के शेयर पिछले कुछ महीनों से दबाव में चल रहे हैं, ऐसे में क्रिसमस से पहले आने वाला ये कैश पेआउट निवेशकों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है.

कब तक खाते में आएगा डिविडेंड का पैसा
कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में डिविडेंड से जुड़ी जरूरी तारीखें साफ कर दी हैं. इस दूसरे अंतरिम डिविडेंड के लिए 11 दिसंबर को रिकॉर्ड डेट तय किया गया है. नियमों के मुताबिक, जिन निवेशकों के नाम 11 दिसंबर तक कंपनी के रिकॉर्ड में दर्ज होंगे, वही इस कमाई के हकदार होंगे. पात्र शेयरधारकों के बैंक खातों में ये पैसा 25 दिसंबर या उससे पहले भेज दिया जाएगा.
डिविडेंड बांटने का लगातार सिलसिला
पतंजलि फूड्स का हाल के सालों में निवेशकों को नियमित डिविडेंड देने का रिकॉर्ड रहा है. इससे पहले अगस्त में भी कंपनी ने प्रति शेयर 0.80 रुपये का अंतरिम डिविडेंड घोषित किया था. अगर पिछले वित्त वर्ष यानी FY26 की बात करें, तो कंपनी ने तीन बार अंतरिम डिविडेंड दिया था. इसमें निवेशकों को कुल मिलाकर 5 रुपये प्रति शेयर मिले थे. वहीं FY25 के लिए कंपनी ने 2 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड चुकाया था. नया ऐलान इसी लगातार पेआउट की कड़ी को आगे बढ़ाता है.
तिमाही नतीजों में बिस्किट कारोबार ने मारी बाजी
डिविडेंड के साथसाथ कंपनी के सितंबर तिमाही के नतीजे भी काफी दिलचस्प रहे हैं. इस तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 19% घटकर 419.77 करोड़ रुपये रहा. हालांकि, पिछली तिमाही के मुकाबले मुनाफे में 25% की अच्छी बढ़त दर्ज की गई है. ऑपरेशन से होने वाली कुल कमाई सालाना आधार पर करीब 16% बढ़कर 11,323 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जबकि पिछली तिमाही के मुकाबले इसमें हल्की गिरावट रही.
कंपनी के एफएमसीजी बिजनेस की बिक्री 2,923 करोड़ रुपये रही, जो पिछले साल की इसी तिमाही के 2,914 करोड़ रुपये से मामूली ज्यादा है. इस दौरान बिस्किट डिविजन सबसे बड़ा स्टार बनकर उभरा. बिस्किट सेगमेंट ने अब तक की सबसे ज्यादा तिमाही और छमाही कमाई दर्ज की है. जुलाई से सितंबर के बीच इसकी कमाई सालाना आधार पर 28% उछलकर 638 करोड़ रुपये हो गई. इसका एबिटा मार्जिन भी पिछले साल के 9.79% से सुधरकर 11.91% पर पहुंच गया. दूसरी तरफ, ऑयल पाम प्लांटेशन बिजनेस से कंपनी को 742 करोड़ रुपये की बिक्री हुई. कंपनी ने अपनी प्रेस रिलीज में साफ किया है कि वो इस ऑयल पाम बिजनेस को आगे और बढ़ाने की योजना पर काम कर रही है.
शेयर की चाल से लेकर कंपनी के बड़े ब्रांड्स तक
कारोबारी मोर्चे पर मिलेजुले नतीजों के बीच शेयर बाजार में कंपनी का स्टॉक सुस्त रहा है. हालिया कारोबार में पतंजलि फूड्स का शेयर 0.4% की गिरावट के साथ बंद हुआ. बीते छह महीनों में ये शेयर करीब 13.1% फिसला है, जबकि पिछले एक साल में इसमें लगभग 28.5% की गिरावट आ चुकी है.
पतंजलि फूड्स लिमिटेड देश की जानीमानी एफएमसीजी और खाद्य तेल कंपनी है. पहले इसे रुचि सोया के नाम से जाना जाता था. मध्य प्रदेश के इंदौर में इसका मुख्यालय है और ये पतंजलि ग्रुप का हिस्सा है. कंपनी खाद्य तेल, फूड प्रोडक्ट्स, होम एंड पर्सनल केयर, न्यूट्रास्युटिकल्स और रिन्यूएबल एनर्जी जैसे सेक्टर में काम करती है. इसके पोर्टफोलियो में पतंजलि, रुचि गोल्ड, न्यूट्रेला, महाकोश, सनरिच और दंत कांति जैसे बड़े ब्रांड शामिल हैं.