देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज की रिपोर्ट कार्ड यानी तिमाही नतीजों के उम्मीद से बेहतर होने की वजह से शुक्रवार को कंपनी के शेयरों में तेजी देखने को मिल रही है. कारोबारी सत्र के दौरान कंपनी के शेयरों में 4 फीसदी से ज्यादा का इजाफा देखने को मिला. जिसकी वजह से कंपनी की वैल्यूएशन में मात्र 3 मिनट में 30 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा का इजाफा देखने को मिला है. देश की सबसे बड़ी IT सर्विस कंपनी ने जून तिमाही में अपने नेट प्रॉफिट में 4.61 फीसदी की बढ़ोतरी की जानकारी दी और कहा कि वेस्ट एशिया संकट से प्रभावित डिमांड में मौजूदा तिमाही में सुधार की उम्मीद है. आइए आपको भी बताते हैं कि आखिर टीसीएस के शेयरों में किस तरह के आंकड़े देखने को मिल रहे हैं…

टीसीएस के शेयरों में जोरदार तेजी
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी टीसीएस के शेयरों में जोरदार तेजी देखने को मिली. कंपनी का शेयर कारोबारी सत्र के दौरान 4.11 फीसदी बढ़कर 2,132 पर पहुंच गया. जबकि कंपनी का शेयर सुबह 11 बजकर 13 मिनट पर कंपनी का शेयर 1.19 फीसदी की तेजी के साथ 2072.10 रुपए पर कारोबार कर रहा था. वैसे कंपनी के शेयर की शुरूआत 2,109.95 रुपए से हुई थी. वहीं दूसरी ओर NSE पर यह 4 फीसदी बढ़कर 2,133.30 पर पहुंच गया. TCS ने गुरुवार को जून तिमाही में अपने नेट प्रॉफिट में 4.61 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ इसे 13,349 करोड़ बताया. दूसरे IT शेयरों में भी तेज़ी रही, जिससे बाजार ऊपर चढ़े. 30 शेयरों वाला BSE सेंसेक्स 786.77 अंक या 1.04 फीसदी बढ़कर 77,541.02 पर कारोबार कर रहा था. 50 शेयरों वाला NSE निफ्टी 249.70 अंक या 1.04% बढ़कर 24,213 पर पहुंच गया.
टीसीएस के एमडी का बयान
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में 315 अरब डॉलर के घरेलू IT सेक्टर में ग्रोथ बनाए रखने को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच आए नतीजों में TCS ने कहा कि अगर खास आइटम को छोड़ दिया जाए, तो उसकी नेट इनकम सालदरसाल 8.5 फीसदी बढ़कर 13,849 करोड़ रुपए हो गई. कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO, के कृतिवासन ने कहा कि रिपोर्टिंग तिमाही के दौरान जारी संघर्षों के बीच डिमांड का माहौल सुस्त रहा और उन्होंने बताया कि पहली तिमाही में कुछ क्लाइंट्स ने काम को आगे के लिए टाल दिया. हालांकि, संघर्ष जारी रहने के बावजूद, वे ज्यादा उम्मीद से भरे दिखे. उन्होंने एनालिस्ट्स के साथ बातचीत में कहा कि हमें अभी भी उम्मीद है कि दूसरी तिमाही में किसी समय डिमांड फिर से शुरू हो जाएगी, मुख्य रूप से इसलिए क्योंकि हमारे कस्टमर्स के पास टेक्नोलॉजी से जुड़ा काफी काम बाकी है जिसे पूरा किया जाना है.
कैसी रहे तिमाही नतीजे?
टॉपलाइन के नजरिए से देखें तो, जून तिमाही में TCS का रेवेन्यू सालदरसाल लगभग 14 फीसदी बढ़कर 72,275 रुपए करोड़ हो गया और मार्च तिमाही के 70,698 करोड़ रुपए के मुकाबले इसमें 2.23 फीसदी की बढ़ोतरी हुई. कंपनी ने 2.6 अरब अमेरिकी डॉलर का सालाना एआई रेवेन्यू दर्ज किया, जो पिछली तिमाही के मुकाबले 13.6 प्रतिशत ज्यादा था. कृतिवासन ने कहा कि जियोपॉलिटिकल और मैक्रोइकोनॉमिक चुनौतियों के बावजूद, यह तिमाही लगातार ग्रोथ की रफ़्तार और हमारी रणनीतिक स्थिति की मज़बूती को दिखाती है. कृतिवासन ने एक बयान में कहा कि जैसेजैसे ग्राहक AI, मॉडर्नाइज़ेशन, साइबरसिक्योरिटी, सॉवरेन क्लाउड और प्लेटफ़ॉर्म को आसान बनाने में निवेश बढ़ा रहे हैं, वैसेवैसे हमारी मज़बूत डील कन्वर्ज़न क्षमता, बेहतर क्लाइंट माइनिंग और बढ़ते इकोसिस्टम पार्टनरशिप हमें इन मौकों को लगातार ग्रोथ में बदलने के लिए अच्छी स्थिति में लाते हैं.
कंपनी की वैल्यूएशन में 30 हजार करोड़ का इजाफा
कंपनी के शेयरों में इजाफा होने की वजह से वैल्यूएशन में 30 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा का इजाफा देखने को मिला है. आंकड़ों के अनुसार एक दिन पहले कंपनी की वैल्यूएशन 7,40,750.93 करोड़ रुपए थी, जोकि शेयर बाजार खुलने के 3 मिनट के अंदर 7,71,227.44 करोड़ रुपए तक पहुंच गई. इसका मतलब है कि कंपनी की वैल्यूएशन में 30,476.51 करोड़ रुपए का इजाफा देखने को मिला. जानकारों की मानें तो आने वाले दिनों में कंपनी के शेयरों में और इजाफा देखने को मिल सकता है.