फिट रहने के लिए लोग जिम जाते हैं या फिर घर पर ही वर्कआउट करते हैं. कुछ लोग सुबह जल्दी उठकर एक्सरसाइज करना पसंद करते हैं. तो कुछ लोग शाम को जिम में पसीना बहाते हैं. ऐसे में कई लोगों के मन में ये सवाल रहता है कि आखिर किस समय वर्कआउट करना ज्यादा बेहतर है? अगर आप भी इस कंफ्यूजन में हैं तो ये आर्टिकल आपके लिए है. दरअसल, वर्कआउट का समय सिर्फ आपकी दिनचर्या पर ही नहीं, बल्कि शरीर की बायोलॉजिकल क्लॉक, एनर्जी लेवल और हार्मोनल एक्टिविटी पर भी निर्भर करता है. अलग-अलग समय पर शरीर का परफॉर्मेंस, ताकत और सहनशक्ति भी बदलती रहती है. यही कारण है कि इस विषय पर कई रिसर्च भी की गई हैं, जिनमें सुबह और शाम के वर्कआउट के अलग-अलग फायदे बताए गए हैं.

अगर आप भी अपने फिटनेस रूटीन को ज्यादा असरदार बनाना चाहते हैं और यह जानना चाहते हैं कि किस समय एक्सरसाइज करना आपके लिए ज्यादा फायदेमंद होगा, तो रिसर्च के आधार पर सही जानकारी होना बेहद जरूरी है. चलिए इस आर्टिकल में जानते हैं सुबह या शाम…किस समय एक्सरसाइज करना ज्यादा बेहतर है.
सुबह वर्कआउट करने के फायदे
सुबह के समय एक्सरसाइज करने से मेटाबॉलिज्म तेजी से एक्टिव होता है, जिससे दिनभर कैलोरी बर्न करने में मदद मिलती है. खाली पेट वर्कआउट करने पर शरीर फैट को एनर्जी के रूप में इस्तेमाल करता है, जो वजन घटाने वालों के लिए फायदेमंद माना जाता है. इसके अलावा, सुबह की एक्सरसाइज से दिमाग भी फ्रेश रहता है, फोकस बढ़ता है और दिन की शुरुआत पॉजिटिव एनर्जी के साथ होती है.
शाम के समय वर्कआउट करना कैसा है?
कई स्टडीज बताती हैं कि शाम के समय शरीर का तापमान और मसल्स की फ्लेक्सिबिलिटी अपने पीक पर होती है, जिससे एक्सरसाइज के दौरान परफॉर्मेंस बेहतर होती है. इस समय स्ट्रेंथ ट्रेनिंग, रनिंग या हाई-इंटेंसिटी वर्कआउट करने से ज्यादा ताकत लगाई जा सकती है और चोट लगने का खतरा भी कम होता है. इसलिए जो लोग मसल्स बनाना या बेहतर परफॉर्मेंस चाहते हैं, उनके लिए शाम का समय ज्यादा फायदेमंद हो सकता है.
आपके लिए कौन सा समय सही?
रिसर्च यह भी कहती है कि आपको अपनी बॉडी क्लॉक के मुताबिक एक्सरसाइज करने का समय चुनना चाहिए. जैसे अगर आप सुबह जल्दी उठ जाते हैं तो सुबह का वर्कआउट आपके लिए ज्यादा बेहतर है. वहीं अगर आप देर रात तक जागने वाले लोगों में से हैं, तो दिन में थोड़ा रुक कर वर्कआउट करना चाहिए. ओपन हार्ट जर्नल में प्रकाशित एक स्टडी में पाया गया है. जिन्हें दिल की बीमारी है उनके लिए दिन में थोड़ा रुक कर एक्सरसाइज करना फायदेमंद पाया गया है.





