Palak Tiwari on Lukkhe: श्वेता तिवारी… ये वो नाम है जिसने सालों तक टीवी स्क्रीन पर ‘प्रेरणा’ बनकर राज किया है. आज भी जब लोग श्वेता को देखते हैं, तो उन्हें ‘कसौटी जिंदगी की’ की वो मासूम और जज्बाती प्रेरणा याद आ जाती है. अब उसी विरासत को आगे ले जाने के लिए उनकी बेटी पलक तिवारी तैयार हैं. पलक जल्द ही प्राइम वीडियो की बहुचर्चित सीरीज ‘लुक्खे’ के साथ अपना ओटीटी डेब्यू करने जा रही हैं. लेकिन इस डेब्यू से ज्यादा चर्चा उस ‘कनेक्शन’ की हो रही है, जो पलक ने अपनी मां के सबसे मशहूर किरदार से जोड़ दिया है.

अपनी आने वाली सीरीज ‘लुक्खे’ में ‘सनोबर’ नाम की लड़की का किरदार निभा रही हैं. सनोबर एक ऐसा किरदार है जो इमोशंस से भरा है, ये किरदार प्यार और अंदरूनी संघर्षों के बीच झूल रहा है. पलक का कहना है कि उन्होंने इस रोल को निभाते वक्त अपनी मां श्वेता तिवारी से काफी प्रेरणा ली है.
मां को अनोखा तोहफा
पलक ने लुक्खे के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में एक दिल छू लेने वाली बात कही. उन्होंने कहा, “सनोबर का किरदार मेरी तरफ से मेरी मां के आइकॉनिक रोल ‘प्रेरणा’ के लिए एक तोहफा है. कई मायनों में सनोबर ही प्रेरणा की असली बेटी लगती है, क्योंकि वो भी उतनी ही भावुक है और अपने दिल की बात जुबां पर रखने का दम रखती है.”
श्वेता तिवारी की सलाह
एक मशहूर मां की बेटी होने के नाते पलक पर हमेशा तुलना का दबाव रहता है. इस बारे में बात करते हुए पलक ने बताया कि उनकी मां श्वेता ने उन्हें एक्टिंग का सबसे बड़ा गुरुमंत्र दिया है. पलक के मुताबिक, ने उनसे कहा था, “अगर तुम दर्शकों को अपनी एक्टिंग से रुला सकती हो, तो समझो तुम एक सफल कलाकार बन गई.”
लेकिन ‘लुक्खे’ की शूटिंग के दौरान श्वेता ने उन्हें एक और गहरी बात सिखाई. पलक ने खुलासा किया,”मम्मी ने मुझसे कहा था कि कभी भी हर सीन का ‘हीरो’ बनने की कोशिश मत करो. हर सीन की अपनी जरूरत होती है. कभी तुम चमकोगी, तो कभी तुम्हारे सामने वाला एक्टर. सामने वाले को चमकने का मौका दो, क्योंकि तभी वो सीन एक बेहतरीन सीन बनेगा.” पलक का मानना है कि इस सलाह ने उन्हें ‘लुक्खे’ के सेट पर एक बेहतर परफॉर्मर बनने में मदद की.
म्यूजिक और सस्पेंस का होगा तड़का
प्राइम वीडियो की सीरीज ‘लुक्खे’ एक हाई-स्टेक म्यूजिक ड्रामा है. इसमें सिर्फ पलक तिवारी ही नहीं, बल्कि राशि खन्ना, किंग (पॉपुलर रैपर), लक्ष्यवीर सिंह सरण और शिवांकित सिंह परिहार जैसे कलाकार भी मुख्य भूमिकाओं में हैं. ये सीरीज संगीत की दुनिया के पीछे छिपे संघर्ष, धोखे और महत्वाकांक्षाओं की कहानी पेश करती है. विपुल डी. शाह और राजेश बहल सीरीज के प्रोड्यूसर हैं, जबकि इसका निर्देशन हिमांक गौड़ ने किया है. ‘लुक्खे’ 8 मई 2026 को प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होने के लिए पूरी तरह तैयार है.
View this post on Instagram
स्टार किड होने का दबाव
पलक तिवारी ने फिल्म ‘किसी का भाई किसी की जान’ से बॉलीवुड में कदम रखा था, लेकिन ‘लुक्खे’ के जरिए वो अपनी एक्टिंग की गहराई दिखाना चाहती हैं. श्वेता तिवारी की बेटी होने के नाते लोग उनमें ‘दूसरी प्रेरणा’ ढूंढते हैं, लेकिन पलक अपनी अलग पहचान बनाने की जद्दोजहद में हैं. ‘सनोबर’ के जरिए वो ये साबित करना चाहती हैं कि उनमें न केवल अपनी मां जैसी खूबसूरती है, बल्कि वैसी ही संजीदा अदाकारी भी है.
फैंस के बीच इस सीरीज को लेकर जबरदस्त उत्साह है. खासकर रैपर किंग और पलक तिवारी की केमिस्ट्री देखने के लिए युवा दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. क्या पलक वाकई अपनी मां की विरासत को ‘सनोबर’ के जरिए सलामत कर पाएंगी? क्या ‘लुक्खे’ उन्हें OTT की अगली सुपरस्टार बनाएगा? ये तो आने वाला समय ही बताएगा.





