इशान किशन के 70 रन और पैट कमिंस के तीन विकेट की मदद से सनराइजर्स हैदराबाद ने सोमवार को चेन्नई सुपर किंग्स को पांच विकेट से हराकर इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में प्लेआफ में जगह पक्की कर ली। जीत के लिये 181 रन का लक्ष्य चेपक की धीमी विकेट पर आसान नहीं था, लेकिन इशान ने 47 गेंद की अपनी पारी में सात चौके और तीन छक्के लगाकर इसे आसान बना दिया। हेनरिक क्लासेन ने 26 गेंद में 47 रन बनाये और दोनों ने तीसरे विकेट के लिये 75 रन की साझेदारी करके हैदराबाद को 19 ओवर में पांच विकेट पर 181 रन तक पहुंचाया।

सनराइजर्स के अब 16 अंक है और उसे एक मैच और खेलना है। की हार के बाद गुजरात टाइटंस (16 अंक) भी प्लेआफ में पहुंच गई है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (18 अंक) पहले ही प्लेआफ में पहुंच चुकी है और अब बस एक स्थान के लिये मुकाबला है। चेन्नई के 13 मैचों में 12 अंक है और वह दौड़ से पूरी तरह बाहर नहीं हुई है। मैच में सनराइजर्स ने लक्ष्य का पीछा करते हुए अच्छी शुरुआत नहीं की और ट्रेविस हेड जल्दी आउट हो गए।
क्लासेन को जीवनदान
अभिषेक शर्मा भी 21 गेंद में 26 रन ही बना सके। पावरप्ले में स्कोर एक विकेट पर 45 रन था। क्लासेन को नूर अहमद की गेंद पर 18 के स्कोर पर स्पेंसर जॉनसन ने जीवनदान दिया। इसके बाद क्लासेन और इशान ने मैच का नक्शा ही बदल दिया। दोनों ने चेन्नई के स्पिनरों अकील हुसैन और नूर अहमद को सहजता से खेला। इशान ने 37 गेंद में 50 रन पूरे किये। वहीं नूर की गेंद पर संजू सैमसन की कुशल स्टम्पिंग का शिकार होकर क्लासेन आउट हो गए।
चेन्नई सुपर किंग्स ने 180 रन बनाये
इशान को अंशुल कम्बोज ने आउट किया, लेकिन उस समय सनराइजर्स को जीत के लिये छह रन की ही जरूरत थी । इससे पहले कमिंस ने अनुशासित गेंदबाजी करते हुए 28 रन देकर तीन विकेट लिये, लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स ने सात विकेट पर 180 रन बना लिये। सैमसन ने टीम को शानदार शुरुआत देते हुए पहले ओवर में नीतिश कुमार रेड्डी को दो चौके और एक छक्का लगाकर 17 रन निकाले।
उर्विल पटेल ने कमिंस को दो छक्के लगाये
प्रफुल्ल हिंगे को अगले ओवर में उन्होंने लगातार तीन चौके जड़े। कमिंस तीसरे ओवर में गेंदबाजी के लिये आये और सैमसन को विकेट के पीछे इशान किशन के हाथों लपकवाया। उर्विल पटेल ने कमिंस को दो छक्के लगाये लेकिन साकिब हुसैन की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे। चेन्नई के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने कार्तिक शर्मा (19 गेंद में 32 रन ) के साथ तीसरे विकेट के लिये 42 रन जोड़े। कार्तिक ने कुछ परिपक्व शॉट्स लगाये, जिनमें हिंगे को छक्का और स्पिनर शिवांग कुमार को लगाया छक्का शामिल है। कमिंस ने उन्हें आफ स्टम्प के बाहर जाती गेंद पर ललचाया और अपर कट लगाकर वह डीप में नीतिश को कैच दे बैठे।
गायकवाड़ ने 21 गेंद में 15 रन बनाये
इसके बाद गायकवाड़ भी छाती तक आते कमिंस के बाउंसर पर चकमा खा गए और 21 गेंद में 15 रन बनाकर डीप में एशान मलिंगा को कैच देकर लौटे। डेवाल्ड ब्रेविस (27 गेंद में 44) और शिवम दुबे (26) ने पांचवें विकेट के लिये 59 रन जोड़कर चेन्नई को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया। इस सत्र में लय पाने के लिये जूझ रहे ब्रेविस ने कमिंस को छक्का और नीतिश को एक छक्का और चौका लगाया। यह इस सत्र का उनका सर्वोच्च स्कोर है। मलिंगा ने 141 किमी की रफ्तार वाली गेंद पर उनका विकेट चटकाया।
Khabar Monkey
CSK बनाम हैदराबाद मैच के बाद अंक-तालिका
हैदराबाद ने आईपीएल 2026 के 63वें मैच में सीएसके को 5 विकेट से हरा दिया और अंकतालिका में तीसरे नंबर पर बनी रही। वहीं इस हार के बाद सीएसके अंकतालिका में राजस्थान से नीचे आ गई। इस मैच के बाद एक बार फिर से क्लासेन ने ऑरेंज कैप हासिल कर लिया। ।





