भारतीय IT कंपनियों के शेयरों में मंगलवार को जोरदार तेजी देखने को मिली. HCL टेक्नोलॉजीज, TCS, इंफोसिस और विप्रो समेत कई कंपनियों के शेयर 7% तक चढ़ गए. बाजार खुलने के कुछ ही मिनटों में निफ्टी IT इंडेक्स की कंपनियों का कुल मार्केट कैप करीब ₹26,430 करोड़ बढ़ गया. इस तेजी की वजह AI से जुड़ी कंपनियों के कारोबार और भविष्य में होने वाली कमाई को लेकर उठ रहे सवाल हैं.

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, ब्रॉडकॉम के CEO हॉक टैन और इंटेल के CEO लिपबू टैन ने चिंता जताई कि AI कारोबार के विस्तार में चिप या बिजली की कमी से ज्यादा बड़ी चुनौती भारी लागत और उससे होने वाला रिटर्न है. इन बयानों के बाद निवेशक यह आकलन कर रहे हैं कि डेटा सेंटर और कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर पर भारी खर्च करने वाली कंपनियां भविष्य में कितना मुनाफा कमा पाएंगी.
निफ्टी IT इंडेक्स में मंगलवार को करीब 5% का तगड़ा उछाल आया. इस दौरान TCS के शेयरों में 6.3% की तेजी आई, जबकि HCL टेक्नोलॉजीज के शेयर 7.9% से ज्यादा बढ़े. इंफोसिस में 4.1%, विप्रो में 3.9% और टेक महिंद्रा में 4.5% की बढ़त दर्ज की गई.
OpenAI की कमाई ने बढ़ाई चिंता
रिपोर्ट के मुताबिक, OpenAI ने पिछले सप्ताह निवेशकों को बताया कि सितंबर में उसकी सालाना आधार पर अनुमानित आय करीब 50 अरब डॉलर थी. यह आंकड़ा उसके पहले बताए गए अनुमान से कम था. इससे पहले कंपनी ने एक अन्य कार्यक्रम में सितंबर की अनुमानित आय लगभग 70 अरब डॉलर के करीब बताई थी. रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, इन दोनों आंकड़ों के बीच अंतर की एक बड़ी वजह Anthropic की कमाई से सीधी तुलना करने की कोशिश थी. AI कंपनियों के शेयरों में उतारचढ़ाव के बीच निवेशक यह भी देख रहे हैं कि इस क्षेत्र में तेजी कितनी टिकाऊ है और भारी निवेश से मुनाफा कब तक मिल पाएगा.
HCL Tech के नतीजों से शेयरों को सहारा
HCL टेक्नोलॉजीज के शेयरों में तेजी की एक अहम वजह कंपनी के दूसरी तिमाही के नतीजे भी रहे. कंपनी का वित्त वर्ष 202627 की दूसरी तिमाही में शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 21% बढ़कर ₹5,132 करोड़ हो गया. इस दौरान कंपनी की ऑपरेशन से होने वाली आय 12% बढ़कर ₹35,620 करोड़ रही. पिछली तिमाही के मुकाबले आय में 3% और शुद्ध मुनाफे में 11% की बढ़ोतरी हुई. कंपनी ने वित्त वर्ष 202627 के लिए EBIT मार्जिन का अनुमान 17.5% से 18.5% पर बरकरार रखा है. वहीं, स्थिर मुद्रा आधार पर कुल आय में 2.5% से 4% और सर्विसेज कारोबार में 3% से 4% की वृद्धि का अनुमान दिया है. कंपनी को तिमाही के दौरान 3.26 अरब डॉलर के नए ऑर्डर मिले. HCL Tech के मुताबिक, सर्विसेज कारोबार में ग्रोथ और AI बेस्ड काम की बढ़ती मांग ने प्रदर्शन को सपोर्ट दिया.