Jain Mandir Theft Case: मध्य प्रदेश के इंदौर में बहुचर्चित जैन मंदिर चोरी कांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने इस मामले में तीन और शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसके बाद इस सनसनीखेज चोरी के मामले में अब तक गिरफ्तार होने वाले आरोपियों की कुल संख्या सात हो गई है. ये आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे और अलग-अलग राज्यों में छिपे हुए थे.

DCP नरेंद्र रावत ने इस बड़ी कामयाबी की जानकारी देते हुए बताया- पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि तीन संदिग्ध व्यक्ति चोरी की गई चांदी और अष्टधातु की कीमती सामग्री लेकर उसे बेचने की फिराक में हैं. वे धार रोड के रास्ते इंदौर की तरफ आ रहे हैं. इस सूचना पर पुलिस टीम ने तुरंत जाल बिछाया और घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया.
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान लखन मकवाना (38 वर्ष) निवासी मोरोद (इंदौर), रामबाबू यादव (30 वर्ष) निवासी मोरोद (इंदौर), दीपक (29 वर्ष) निवासी बड़वाहा (खरगोन) के रूप में हुई.
महाराष्ट्र और तेलंगाना में काट रहे थे फरारी
Khabar Monkey
पुलिस जांच में सामने आया है कि 3 मई को जैन मंदिर में हुई इस बड़ी चोरी के बाद से ही ये तीनों आरोपी पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए लगातार अपनी लोकेशन बदल रहे थे. गिरफ्तारी से बचने के लिए इन्होंने काफी समय महाराष्ट्र और तेलंगाना में छिपकर काटा. हालांकि, पुलिस टीम लगातार तकनीकी सर्विलांस और खुफिया नेटवर्क के जरिए इन पर नजर रख रही थी, जिसके बाद इन्हें धर दबोचा गया.
इससे पहले पुलिस ने 13 मई को इस मामले में एक महिला समेत चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था. उन्हीं आरोपियों से मिली लीड और पूछताछ के आधार पर पुलिस इन फरार सदस्यों तक पहुंचने में कामयाब रही.
लाखों का माल और 15 किलो की अष्टधातु बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 4 लाख रुपये मूल्य की चोरी की गई प्राचीन और धार्मिक सामग्री बरामद की है. बरामद किए गए सामानों में 2 अष्टधातु की मूर्तियां, एक अष्टधातु की थाली (वजन लगभग 15 किलोग्राम), 2 चांदी की मूर्तियां, चांदी की पांडुशिला, कलश, कटोरी, दो थालियां, 4 चांदी के पाइप (वजन लगभग 3 किलोग्राम) बरामद किए. इसके अलावा, 2 लोहे की रॉड और 1 मोटरसाइकिल भी बरामद हुए हैं.
पांच राज्यों में फैला है आरोपियों का क्रिमिनल नेटवर्क
पुलिस की पूछताछ और क्रिमिनल रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला है कि पकड़े गए आरोपी बेहद शातिर और आदतन अपराधी हैं. इनके खिलाफ देश के कई राज्यों में चोरी, डकैती और घर में सेंधमारी (हाउस ब्रेकिंग) के गंभीर मामले दर्ज हैं. आरोपियों का आपराधिक इतिहास गुजरात, छत्तीसगढ़, हरियाणा, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश के कई अलग-अलग जिलों में फैला हुआ है. फिलहाल, पुलिस इनसे आगे की पूछताछ कर रही है.












