IND vs AFG: भारत और अफगानिस्तान के बीच मुल्लांपुर में खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच में अफगान टीम की हालत काफी खराब है। पहले दिन भारतीय बल्लेबाजों ने अफगानिस्तान के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। भारतीय टीम पहले दिन 3 विकेट खोकर 368 रन बनाने में सफल रही। दूसरे दिन भी भारतीय बल्लेबाजों ने अफगान गेंदबाजों को निशाना बनाया। इस दौरान अफगानिस्तान टीम की ओर से काफी बड़ी चूक देखने को मिली।

दरअसल, मुल्लांपुर टेस्ट में अफगान टीम की DRS को लेकर काफी आलोचना हो रही है। पहले दो दिनों में कई ऐसे मौके आए, जब अफगानिस्तान चाहकर भी भारतीय बल्लेबाजों को आउट नहीं कर पाया। इसका सबसे ज्यादा फायदा केएल राहुल, शुभमन गिल और ऋषभ पंत को मिला। इस मैच के पहले दिन अफगानिस्तान ने सबसे बड़ी गलती तब की, जब केएल राहुल सिर्फ 16 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे। पारी के 11वें ओवर में जियाउर रहमान की गेंद पर राहुल के बल्ले का किनारा लगा था और गेंद विकेटकीपर के पास गई। हालांकि, कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने DRS लेने से मना कर दिया। बाद में रिप्ले में साफ दिखा कि गेंद बल्ले से लगकर गई थी। राहुल को मिला यह जीवनदान अफगानिस्तान की टीम पर भारी पड़ा और भारतीय सलामी बल्लेबाज ने शानदार शतक जड़ दिया।
दूसरे दिन गंवाए कई मौके
दूसरे दिन भी अफगानिस्तान की DRS को लेकर उलझन जारी रही। अजमतुल्लाह उमरजई के 89वें ओवर में लगातार दो गेंदों पर शुभमन गिल और ऋषभ पंत को जीवनदान मिला। ओवर की चौथी गेंद पर शुभमन गिल इनस्विंग गेंद को मिस कर गए और गेंद उनके घुटने पर लगी। अफगानिस्तान ने LBW की जोरदार अपील की, लेकिन फिर रिव्यू नहीं लिया। बाद में हॉक आई में साफ पता चला कि गेंद सीधे लेग स्टंप के ऊपरी हिस्से पर जाकर लगती। उस समय गिल 108 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे। इसके बाद उन्होंने 126 रन की शानदार पारी खेली।
Khabar Monkey
फील्डिंग में भी किया निराश
गिल को जीवनदान मिलने के तुरंत बाद अगली ही गेंद पर ऋषभ पंत बाल-बाल बचे। पंत के बल्ले का हल्का किनारा लेकर गेंद विकेटकीपर तक पहुंची, लेकिन इस बार भी अफगान टीम ने DRS नहीं लिया। इस दौरान अल्ट्राएज में साफ दिखाई दिया कि गेंद बल्ले से लगी थी। पंत ने इसके बाद 27 और रन जोड़ते हुए 81 रन की पारी खेली। अफगानिस्तान की मुश्किलें सिर्फ DRS तक सीमित नहीं रहीं। पहले ही दिन टीम ने दो आसान कैच भी टपका दिए।












