Mathura Dhongi Baba Story: धर्मनगरी मथुरा के गोवर्धन क्षेत्र से पुलिस ने एक ऐसे शातिर और पाखंडी बाबा को गिरफ्तार किया है, जिसकी हकीकत जानकर हर कोई दंग है. खुद को आध्यात्मिक गुरु बताने वाला यह शख्स असल में एक हाई-एजुकेटेड क्रिमिनल है, जो ऑनलाइन प्रवचन और भजन-कीर्तन के जाल में पढ़ी-लिखी और बड़े पैकेजों पर काम करने वाली युवतियों को फंसाता था. इसके बाद उन्हें नशीला पदार्थ देकर उनका शारीरिक शोषण करता और अश्लील वीडियो बनाकर लाखों रुपये ब्लैकमेल करता था. पुलिस ने आरोपी अभिषेक मिश्रा उर्फ अधिकारता नारायण दास को राधाकुंड स्थित उसके कथित आश्रम से गिरफ्तार कर लिया है. मौके से दो युवतियों और एक लड़के को सुरक्षित मुक्त कराया गया है. चलिए जानते हैं इस ढोंगी की पूरी कहानी…

एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत के मुताबिक, आरोपी अभिषेक मिश्रा मूल रूप से ओडिशा का रहने वाला है. उसने साल 2017 से 2021 के बीच देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIT रुड़की से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया था. इसके बाद उसने मुंबई की एक बड़ी कंपनी में 20 लाख रुपये के सालाना पैकेज पर नौकरी भी की. लेकिन साल 2023 में वह नौकरी छोड़कर मथुरा के राधाकुंड इलाके में आ गया और यहां किराए का कमरा लेकर रहने लगा.
कैसे बनाता था युवतियों को शिकार?
अभिषेक बेहद पढ़ा-लिखा था, इसलिए उसकी बातचीत का तरीका काफी प्रभावी था. उसने गीता पर ऑनलाइन प्रवचन देना शुरू किया. उसका मुख्य टारगेट मल्टीनेशनल कंपनियों (MNCs) में काम करने वाली हाई-प्रोफाइल और पढ़ी-लिखी युवतियां होती थीं. वह ऑनलाइन माध्यम से युवक-युवतियों का इस कदर ब्रेनवॉश करता कि वे सब कुछ छोड़कर उसके पास गोवर्धन आ जाते. वहां वह लड़कों का लड़कियों से गंधर्व विवाह करा देता और फिर जाल में फंसाकर लड़कियों का खुद शोषण करने लगता.
वह युवतियों को भगवान का प्रसाद या चरणामृत बताकर नशीला पदार्थ पिला देता था. बेहोशी की हालत में वह उनके साथ दुष्कर्म करता और उनकी आपत्तिजनक तस्वीरें व वीडियो बना लेता था.
ब्लैकमेलिंग के पैसों से बनाया आश्रम
Khabar Monkey
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी इन अश्लील वीडियो और तस्वीरों के बल पर पीड़ित युवतियों से मोटी रकम वसूलता था. इसी ब्लैकमेलिंग से ऐंठे गए पैसों से उसने राधाकुंड में एक मकान खरीदा और उसे अपने आश्रम का रूप दे दिया. हद तो तब हो गई जब आरोपी ने अपनी सगी मां (जो ओडिशा सरकार में सरकारी टीचर थीं और रिटायरमेंट के बाद उसके साथ रह रही थीं) के विरोध करने पर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की और उन्हें घर से भगा दिया.
छत्तीसगढ़ की छात्रा ने दिखाई हिम्मत, ऐसे खुला राज
इस पूरे सनसनीखेज मामले का खुलासा तब हुआ जब छत्तीसगढ़ की रहने वाली बीएससी नर्सिंग की एक छात्रा अपनी बहन से मिलने मथुरा आई थी. 15 मई की रात आरोपी अभिषेक ने उसे प्रसाद के नाम पर दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया और उसके साथ घिनौनी हरकत की. जब पीड़िता अपने घर लौटी और माता-पिता को आपबीती बताई, तो उसके पिता उसे लेकर मथुरा के एसएसपी श्लोक कुमार के पास पहुंचे.
एसएसपी के निर्देश पर 25 मई को गोवर्धन थाने में मुकदमा दर्ज हुआ. पुलिस की तफ्तीश में सामने आया कि आरोपी अब तक करीब 12 दर्जन (144) युवक-युवतियों का ब्रेनवॉश कर चुका है और दो दर्जन से अधिक लोग उसके चंगुल में फंसे हुए थे. फिलहाल पुलिस इस पूरे सिंडिकेट और नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है.












