Hamirpur News: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक ही परिवार के चार सदस्यों की अचानक तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया. घटना ललपुरा थाना क्षेत्र के बजेहटा गांव की है. बताया जा रहा कि बीती रात परिवार के लोग खाना खा रहे थे. इसी दौरान खाने में नींद की गोलियां मिला दी गईं. खाना खाने के कुछ देर बाद परिवार के चार सदस्यों की हालत बिगड़ने लगी. इसके बाद परिजन और ग्रामीण उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छानी लेकर पहुंचे.

खाना खाने के बाद बिगड़ी हालत
जानकारी के मुताबिक, घटना में रामदेवी, नेहा, सुनीता और खुशी की तबीयत खराब हुई है. रामदेवी और सुनीता की उम्र 35 साल, नेहा की उम्र 15 साल और खुशी की उम्र 22 साल बताई जा रही है. चारों को सीएचसी छानी में भर्ती कराया गया. यहां डॉक्टर अमित कुमार ने उनका प्राथमिक उपचार किया. हालत में सुधार नहीं होने पर डॉक्टरों ने चारों को बेहतर इलाज के लिए हमीरपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया. फिलहाल चारों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है.
ये भी पढे़ं
बहू पर खाने में गोलियां मिलाने का आरोप
घटना के बाद परिवार की बहू पर खाने में नींद की गोलियां मिलाने का आरोप लगाया जा रहा. बताया जा रहा कि सुबह जब परिवार के सदस्यों की तबीयत खराब होने की जानकारी सामने आई तो बहू ने भी डर के कारण नींद की गोलियां खा लीं. इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई. हालांकि, इस दावे की भी पुलिस जांच कर रही है.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जुटाई जानकारी
घटना की सूचना मिलते ही ललपुरा थाना प्रभारी सूर्य कुमार शाही पुलिस टीम के साथ बजेहटा गांव पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिवार के सदस्यों के साथ आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि परिवार ने रात में क्या खाना खाया था, उसमें किसी तरह की दवा या गोली कैसे पहुंची और गोलियां कहां से आईं.
इसके अलावा पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के पीछे कोई पारिवारिक विवाद या दूसरी वजह तो नहीं है. सीओ सदर यशपाल सिंह ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. अस्पताल में भर्ती परिवार के सदस्यों के बयान लिए जाएंगे. उनकी मेडिकल रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले अन्य तथ्यों को भी शामिल किया जाएगा.