Gullak Season 5: लोकप्रिय वेब सीरीज ‘गुल्लक’ एक बार फिर अपने पांचवें सीजन के साथ दर्शकों के बीच लौटने जा रही है। इस नए सीजन में मिश्रा परिवार की कहानी आगे बढ़ेगी, लेकिन इस बार घर के बड़े बेटे आनंद उर्फ ‘अन्नू’ मिश्रा के किरदार में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

अब इस भूमिका को अभिनेता अनंत वी जोशी निभाते नजर आएंगे। इससे पहले चार सीजन तक अन्नू मिश्रा का किरदार वैभव राज गुप्ता ने निभाया था। नए सीजन में अन्नू की वापसी तो होगी, लेकिन नए चेहरे के साथ। जिसे लेकर फैंस के बीच काफी उत्सुकता बनी हुई है।
‘गुल्लक’ के पांचवें सीजन को एक बार फिर द वायरल फीवर (TVF) प्रोड्यूस कर रहा है। नए सीजन में दर्शकों को मिश्रा परिवार में अन्नू मिश्रा के अलावा कई पुराने और पसंदीदा चेहरे फिर से देखने को मिलेंगे। इसमें जमील खान, गीतांजलि कुलकर्णी, हर्ष मयार और सुनीता राजवर अपने-अपने रोल में वापसी कर रहे हैं।
मेकर्स के मुताबिक, इस बार कहानी अन्नू मिश्रा के जीवन के नए पड़ाव को दिखाएगी, जहां उसका किरदार पहले से ज्यादा समझदार और परिपक्व नजर आएगा। नए सीजन में उसके बदलते रिश्तों, जिम्मेदारियों और जिंदगी के अनुभवों को और गहराई से दिखाने की कोशिश की जाएगी।
सीरीज़ से जुड़ने को लेकर अनंत वी जोशी ने कहा कि ‘गुल्लक’ हमेशा से उनके दिल के बेहद करीब रही है। उनके मुताबिक, मिश्रा परिवार उन्हें अपने घर और आसपास के परिवारों की याद दिलाता है, जिनकी छोटी-छोटी बातें, अपनापन और सादगी लोगों के दिलों को छू जाती है।
उन्होंने कहा, “मैं लंबे समय से इस दुनिया का फैन रहा हूं, इसलिए अब इसका हिस्सा बनना मेरे लिए बेहद खास एहसास है। इस शो की सबसे खूबसूरत बात इसकी सादगी और रिश्तों की गर्माहट है, जो हर किसी को अपने परिवार की याद दिलाती है।”
अनंत ने आगे कहा कि अन्नू भैया के किरदार का सफर उनके लिए काफी दिलचस्प और खास रहा। उनके मुताबिक, इस बार कहानी में अन्नू की जिंदगी का ज्यादा परिपक्व और बदलता हुआ पहलू देखने को मिलेगा, जिसने इस किरदार को निभाने का अनुभव और भी खास बना दिया।
Khabar Monkey
उन्होंने बताया, “पहले ही दिन से पूरी कास्ट और टीम ने जिस तरह प्यार और अपनापन दिया, उसने इस सफर को यादगार बना दिया। मैं खुद को खुशकिस्मत मानता हूं कि मुझे ‘गुल्लक’ परिवार का हिस्सा बनने का मौका मिला। अब मैं बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं कि दर्शक हमारे साथ इस नए सीजन को महसूस करें।” एक बार फिर मिश्रा निवास के दरवाजे खुलने जा रहे हैं, जहां पुराने पसंदीदा किरदारों के साथ दर्शकों को नया अन्नू भी देखने को मिलेगा।





