Exercise For Jawline: फैट का बढ़ना न सिर्फ बॉडी बल्कि चेहरे का लुक भी बिगाड़ देता है. आजकल अट्रैक्टिव दिखने के लिए सिर्फ पेट अंदर करना नहीं बल्कि चेहरे के फीचर को डिफाइन दिखाना भी होता है. खासतौर पर जॉ लाइन को…ये चेहरे को शार्प और डिफाइंड लुक देती है. लेकिन कुछ लोगों के थोड़ी (ठुड्डी) के पास या गले के नीचे फैट जमा हो जाता है, जिसे डबल चिन (Double Chin) या सबमेंटल फैट कहा जाता है. यह आमतौर पर वजन बढ़ने, उम्र बढ़ने (त्वचा का ढीला होना), या जेनेटिक कारणों से हो सकता है. डबल चिन होने की वजह से चेहरे को एक शार्प लुक नहीं मिल पाता है और कुछ लोग अपना कॉन्फिडेंस खो देते हैं. लेकिन परेशानी की बात नहीं है.

अगर आप अपनी डाइट पर कंट्रोल करें तो ये कम हो सकती हैं. वरना इसके लिए कई सारी एक्सरसाइज भी हैं, जिन्हें रोजाना करने से डबल चिन गायब हो सकती है. ये एक्सरसाइज न केवल चेहरे की मांसपेशियों को टोन करती हैं, बल्कि धीरे-धीरे डबल चिन को कम करके आपकी जॉ लाइन को ज्यादा शार्प और आकर्षक बनाने में भी सहायक होती हैं. चलिए जानते हैं ऐसी ही 5 एक्सरसाइज के बारे में.
चिन लिफ्ट एक्सरसाइज
डबल चिन को कम करने के लिए चिन लिफ्ट एक्सरसाइज काफी असरदार मानी जाती है. इसे करने के लिए सिर को पीछे की तरफ झुकाएं और छत की तरफ देखें. अब होठों को किस की पोजिशन में बनाएं. इस पोजिशन को 10 से 15 सेकेंड के लिए होल्क करके रखना है और फिर 10 से 12 बार रिपीट करना है. इस एक्सरसाइज को करने से गर्दन और जॉ लाइन की मसल्स टोन होती है.
जॉ रिलीज एक्सरसाइज
जॉ रिलीज एक्सरसाइज भी काफी असरदार है. इसमें आपको मुंह को बंद रखते हुए च्यूइंग की तरह मूवमेंट करना है. फिर धीरे-धीरे मुंह खोलें और आह साउंड निकालें. इस दौरान जीभ को नीचे के दांतों के पीछे रखें. ऐसा आपको 10 बार करना है. इससे जॉ की मसल्स मजबूत होती है और जॉ के पास का फैट कम होने लगता है.
फिश फेस एक्सरसाइज
डबल चिन को कम करने के लिए फिश फेस एक्सरसाइज करना भी असरदार हो सकता है. इसे करने के लिए गालों को अंदर खींचे और होंठों को सिकोड़ लें. आपका मुंह मछली जैसा बन जाएगा. इस पोजिशन को 10-15 सेकेंड के लिए होल्ड करके रखें. इसे आपको 10 से 12 बार करना है. ये एक्सरसाइज चीक और जॉ को टाइट करने में मदद करती है.
नेक रोल एक्सरसाइज
इस एक्सरसाइज को करने से डबल चिन तो कम होगी ही, साथ ही नेक पेन से भी राहत मिलती है. इसमें आपको गर्दन को धीरे-धीरे गोल घुमाना है (क्लॉकवाइज और एंटी-क्लॉकवाइज). 5 से 8 बार इसे रिपीट करें. इससे ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और जॉ लाइन शार्प होती है.
टंग स्ट्रेच एक्सरसाइज
टंग स्ट्रेच एक्सरसाइज करने के लिए जीभ को जितना बाहर निकाल सकते हैं निकालें. 10 सेकंड तक होल्ड करें, फिर रिलैक्स करें. इसे आपको 8 से 10 बार रिपीट करना है. यह एक्सरसाइज जॉ और नेक एरिया को एक्टिव करती है.





