Etawah News: रक्षाबंधन के त्योहार पर जब परिवार खुशियां मना रहा था, उसी समय उत्तर प्रदेश के इटावा से एक दुखद खबर सामने आई. भरथना थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह सरकारी शिक्षक संजीव यादव का शव उनकी कार के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला. शव मिलने की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी. संजीव यादव औरैया जिले के अछल्दा क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय चिमकुनी में शिक्षक थे. वह पिछले कुछ वर्षों से भरथना में किराये के कमरे में रह रहे थे. उनके बड़े भाई सुखवीर सिंह यादव महोबा जिले में एडीएम के पद पर तैनात हैं. भाई की मौत की सूचना मिलने के बाद वह इटावा पहुंचे.

कार में मिला शिक्षक का शव
शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे भरथना के स्टेशन रोड इलाके में संजीव यादव की कार खड़ी दिखाई दी. मकान मालिक ने जब कार के अंदर देखा तो शिक्षक का शव पड़ा हुआ था. इसके बाद उन्होंने तत्काल संजीव के परिजनों और पुलिस को सूचना दी. जानकारी मिलते ही भरथना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने कार और घटनास्थल की जांच की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य और नमूने जुटाए.
ये भी पढे़ं
करीब 3 साल से भरथना में रह रहे थे
संजीव यादव मूल रूप से औरैया जिले के अछल्दा थाना क्षेत्र के ग्राम पेंतुआ के रहने वाले थे. परिजनों के मुताबिक, वह करीब चार साल से सरकारी शिक्षक के रूप में नौकरी कर रहे थे. संजीव पिछले करीब तीन वर्षों से भरथना के स्टेशन रोड इलाके में किराये के कमरे में रह रहे थे. वह रोजाना अपनी कार से स्कूल आतेजाते थे. बताया गया कि उनकी पत्नी संध्या और बेटी की पढ़ाई इटावा शहर में होती है. इसी वजह से दोनों इटावा शहर में रहते थे, जबकि संजीव भरथना में रहकर स्कूल की नौकरी करते थे.
रक्षाबंधन के दिन मिली मौत की खबर
रक्षाबंधन के दिन संजीव की मौत की खबर मिलने के बाद परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं. पत्नी, बेटी, बहन, मातापिता और दूसरे परिजनों का रोरोकर बुरा हाल है. परिवार के लोग पोस्टमार्टम गृह पहुंचे और संजीव की मौत की वजह जानने के लिए रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं. घटना के बाद गांव और परिवार में भी शोक का माहौल है.
ये भी पढे़ं
एडीएम भाई पहुंचे इटावा
संजीव के बड़े भाई सुखवीर सिंह यादव महोबा में एडीएम के पद पर तैनात हैं. भाई की मौत की जानकारी मिलते ही वह इटावा पहुंचे. उन्होंने पोस्टमार्टम गृह में डॉक्टरों से बातचीत की और पुलिस अधिकारियों से भी घटना की जानकारी ली. सुखवीर सिंह यादव ने मीडिया के सामने कोई बयान देने से इनकार किया. हालांकि, ऑफ कैमरा उन्होंने भाई की मौत पर गहरा दुख जताया. उन्होंने बताया कि संजीव उनके इकलौते छोटे भाई थे और दोनों के बीच नियमित बातचीत होती थी.
2 दिन पुराना बताया जा रहा शव
पुलिस की शुरुआती जांच में शव करीब दो दिन पुराना होने की आशंका जताई गई है. हालांकि संजीव की मौत कब और किस परिस्थिति में हुई, इसकी अभी पुष्टि नहीं हो सकी है. पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है. फॉरेंसिक टीम ने भी जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह सामने आने की उम्मीद है.
परिवार ने विवाद से किया इनकार
परिवार के मुताबिक, संजीव का किसी से कोई विवाद नहीं था. वह शांत स्वभाव के थे और अपने काम से मतलब रखते थे. एडीएम भाई ने ऑफ कैमरा बताया कि कुछ दिन पहले भी उनकी संजीव से बातचीत हुई थी. उस दौरान संजीव ने उनसे मिलने आने की बात कही थी. परिवार ने फिलहाल किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है. मौत की असली वजह सामने आने का इंतजार किया जा रहा है.
हर पहलू से जांच कर रही पुलिस
भरथना पुलिस इस मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर कर रही है. कार और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की जांच कराई जा रही है. पुलिस फिलहाल मौत को लेकर किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.