Egypt Oil Tanker Accident: मिस्र की राजधानी काहिरा के पास बुधवार रात एक तेल टैंकर में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग की चपेट में आने से 31 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। हादसे में दो दर्जन से ज्यादा कारें और बाइक भी जल गई। जलती गाड़ियों से लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। आग पर अब काबू पा लिया गया है।

अनियंत्रित होकर पलटा तेल से भरा ट्रक
तेल से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया था। इसके बाद उसमें धमाका हुआ और आग तेजी से आसपास खड़ी गाड़ियों तक फैल गई। देखते ही देखते दो दर्जन से ज्यादा कारें और बाइक आग की चपेट में आ गईं।
जलती कारों से लोगों का रेस्क्यू
हादसे की जानकारी मिलते ही दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। घटनास्थल पर मौजूद सैकड़ों लोगों ने भी घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। जलती कारों में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया है।
31 लोगों की मौत, 21 से ज्यादा घायल
मिस्र के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, हादसे में 31 लोगों की मौत हुई है और 21 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। यह हादसा काहिरा के उपनगर इम्बाबा के वाराक जिले में हुआ। आग तेजी से कई गाड़ियों में फैल गई थी।
बचाव अभियान में 39 एम्बुलेंस तैनात
हादसे में घायल लोगों को ज़ायद स्पेशलाइज्ड, इम्बाबा जनरल और वर्राक सेंट्रल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बचाव अभियान के लिए 39 एम्बुलेंस तैनात की गईं। मिस्र के राष्ट्रपति अब्देलफतह अलसीसी ने हादसे के पीड़ितों के प्रति संवेदना जताई।
जनवरी में भी 21 लोगों की गई थी जान
मिस्र में हर साल सड़क हादसों में हजारों लोगों की मौत होती है। तेज रफ्तार, खराब सड़कें और ट्रैफिक नियमों का सही तरीके से पालन नहीं होना इन दुर्घटनाओं की प्रमुख वजहें हैं। इसी साल जनवरी में बेनी सुएफ प्रांत के पास कई गाड़ियों की भीषण टक्कर हुई थी। इसमें 21 लोगों की मौत और 16 लोग घायल हुए थे।