Chandigarh iPhone Langar Stopped: में 22 सितंबर को होने वाले ‘लंगर’ को लेकर प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। भगदड़ और अव्यवस्था की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने इस आयोजन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। अमृतसर के कारोबारी राकेश त्रेहान उर्फ ‘राजा डी किंग’ ने इस कार्यक्रम का ऐलान किया था। उन्होंने चंडीगढ़ और मोहाली में लोगों को प्रसाद के रूप में iPhone 17 और उससे ऊपर के मॉडल बांटने का दावा किया था। हालांकि, प्रशासन और पुलिस का मानना है कि इस तरह के आयोजन में बड़ी संख्या में लोग जुट सकते हैं। ऐसे में भीड़ को नियंत्रित करना मुश्किल हो सकता है और भगदड़ जैसी स्थिति पैदा होने का खतरा बना रहता है।

आयोजक ने नहीं मांगी थी अनुमति
चंडीगढ़ की SSP कंवरदीप कौर ने बताया कि आयोजक की ओर से इस सार्वजनिक कार्यक्रम के लिए पुलिस या प्रशासन से कोई औपचारिक अनुमति नहीं मांगी गई थी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से कार्यक्रम की जानकारी मिलने के बाद आयोजक को लिखित रूप से सूचित किया जा रहा है कि इस आयोजन की अनुमति नहीं दी जाएगी। पुलिस के मुताबिक, बिना अनुमति सार्वजनिक एकत्रीकरण का आयोजन करना भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत जारी प्रतिबंधों का उल्लंघन हो सकता है।
पहले भी किया था ‘पेट्रोल लंगर’ का ऐलान
राकेश त्रेहान इससे पहले भी ‘पेट्रोल लंगर’ आयोजित करने का दावा कर चुके हैं। उस कार्यक्रम के दौरान बारिश के बीच अव्यवस्था की स्थिति बनने की बात सामने आई थी और आखिरकार आयोजन रद्द करना पड़ा था। इस बार भी शुरुआत में उन्होंने खुद मौजूद रहकर लोगों को आईफोन बांटने की बात कही थी। बाद में उन्होंने सोशल मीडिया पर बताया कि ‘जय माता दी’ बोलने वाले लोगों के लिए लकी ड्रॉ निकाला जाएगा और आईफोन ऑनलाइन वितरित किए जाएंगे।
ये भी पढ़ें:
DC की आयोजक को सलाह अनाथालयों में करें मदद
चंडीगढ़ के डिप्टी कमिश्नर निशांत यादव ने पुलिस को निर्देश दिए हैं कि 22 सितंबर को प्रस्तावित इस कार्यक्रम को रोका जाए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल किसी भी स्थिति में ‘iPhone लंगर’ की अनुमति नहीं दी जाएगी। डिप्टी कमिश्नर ने आयोजक को सलाह दी कि आईफोन बांटने जैसे दिखावे वाले आयोजन के बजाय वृद्धाश्रमों, अनाथालयों और दूसरे सेवा कार्यों में सहयोग करना समाज के लिए अधिक उपयोगी हो सकता है। प्रशासन का कहना है कि सार्वजनिक आयोजनों में लोगों की सुरक्षा सबसे अहम है। इसी वजह से संभावित भीड़ और भगदड़ के खतरे को देखते हुए कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी गई है।
ये भी पढ़ें: