पश्चिम बंगाल में मुर्शिदाबाद की शमशेरगंज थाना पुलिस ने बीजेपी कार्यकर्ता सुजित मंडल की हत्या के मामले में बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने एनकाउंटर के दौरान मुख्य आरोपी सामायून शेख को मार गिराया है. यह एनकाउंटर शमशेरगंज थाना क्षेत्र के पुराना डाकबंगला इलाके में क्राइम सीन पर हुआ. पुलिस आरोपी को वारदात की निशानदेही के लिए क्राइम सीन पर ले गई थी. पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बीजेपी कार्यकर्ता की हत्या के बाद शव को तीन टुकड़ों में काट दिया था.

पुलिस के मुताबिक पुराना डाकबंगला इलाके में आरोपी ने सुजित मंडल की हत्या की थी. फिर उसने शव के तीन टुकड़े कर दिए थे. वारदात के बाद काफी बवाल हुआ. इसके बाद मामला CID को सौंप दिया गया. इसी क्रम में सीआईडी की टीम आरोपी सामायून शेख की गिरफ्तारी के बाद निशानदेही और वारदात की कहानी जानने के लिए आरोपी को क्राइम सीन पर ले गई थी.
पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश
सीआईडी के मुताबिक घटना स्थल पर आरोपी ने एक पुलिसकर्मी की पिस्टल छीन ली और भागने की कोशिश की. इस दौरान पहले से अलर्ट पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपी को मार गिराया है. बता दें कि कुछ दिन पहले बीजेपी कार्यकर्ता सुजीत मंडल 28 अगस्त को रहस्यमय तरीके से लापता हो गए थे. बाद में उनका शव तीन टुकड़ों में मिला. पुलिस ने इस मामले में आरोपी समायून शेख को अरेस्ट किया है.
सीएम ने खुद लिया संज्ञान
इस घटना का खुलासा होने के बाद बंगाल में माहौल काफी गरमाया था. बाद में सीएम शुभेंदु अधिकारी ने मामले पर संज्ञान लेते हुए मामले में कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए थे. इसके बाद मुर्शिदाबाद कप्तान ने थाना प्रभारी समेत कई अफसरों को सस्पेंड किया था. वहीं मामला पुलिस से लेकर सीआईडी को सौंप दिया गया. इसके बाद हरकत में आई सीआईडी ने पहले आरोपी को अरेस्ट किया और अब उसका एनकाउंटर किया है.