Bhoot Bungla: अक्षय कुमार इन दिनों काफी सुर्खियों में बने हुए हैं. वजह है उनकी नई फिल्म ‘भूत बंगला’. 16 अप्रैल रात 9 बजे से पेड प्रीव्यू शोज के साथ ये फिल्म सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है. फुल फ्लेज्ड शोज 17 अप्रैल से शुरू होंगे. प्रियदर्शन के डायरेक्शन में बनी इस हॉरर-कॉमेडी फिल्म का अच्छा खासा बज दिख रहा है. माना जा रहा है कि ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छा परफॉर्म कर सकती है. इस फिल्म में वामिका गब्बी, तब्बू, परेश रावल और राजपाल यादव जैसे सितारे भी हैं. पर क्या आप ये जानते हैं कि ‘भूत बंगला’ के नाम से बॉलीवुड में पहले भी एक बड़ी फिल्म बन चुकी है और आप उसे फ्री में यूट्यूब पर देख सकते हैं.

जिस तरह की ‘भूत बंगला’ में कई बड़े स्टार्स हैं, उसी तरह उस पुरानी ‘भूत बंगला’ में भी दिग्गज सितारे नजर आए थे. वो फिल्म रिलीज हुई थी साल 1965 में. उस फिल्म को बनाया था दिग्गज एक्टर महमूद ने. महमूद उस फिल्म में लीड रोल में तो थे ही, साथ ही उन्होंने फिल्म को डायरेक्ट भी किया था, कहानी भी लिखी और प्रोड्यूसर भी थे. उनके साथ इस फिल्म में तनुजा, नासिर हुसैन और मशहूर म्यूजिक डायरेक्टर आरडी बर्मन जैसे सितारे नजर आए थे.
आरडी बर्मन की डेब्यू फिल्म
दरअसल, ‘भूत बंगला’ बतौर एक्टर आरडी बर्मन की पहली फिल्म थी. इस फिल्म से एक्टिंग डेब्यू करने के साथ-साथ वो इसके म्यूजिक डायरेक्टर भी थे. ये 60 साल से भी ज्यादा पुरानी फिल्म है. ऐसे में इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर कितनी कमाई की थी, ये तो जानकारी नहीं है, लेकिन ऐसा माना जाता है कि इसे अच्छा रिस्पॉन्स मिला था और ये फिल्म ब्लॉकबस्टर रही थी.
–
कहां देख सकते हैं फिल्म?
आप महमूद की ये फिल्म यूट्यूब पर देख सकते हैं. इसी साल जनवरी में इस फिल्म को Ultra Classic नाम के यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया गया था. तो अगर आपको पुरानी फिल्में देखना पसंद है तो आप इस हॉरर कॉमेडी फिल्म का एक्सपीरियंस ले सकते हैं. बाकी अब देखना होगा कि अक्षय की फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कैसा परफॉर्म करती है.





