बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना आज यानी की 14 सितंबर को अपना 42वां जन्मदिन मना रहे हैं। अभिनेता ने ‘कंटेंट’ और ‘कमिटमेंट’ से बॉलीवुड इंडस्ट्री में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। हालांकि अभिनेता के लिए फिल्म इंडस्ट्री में अपने पैर जमाना इतना आसान नहीं था। लेकिन अपनी मेहनत और टैलेंट के दम पर उन्होंने अपनी पहचान बनाई। आयुष्मान की जिंदगी में एक दौर ऐसा भी रहा, जब वह ट्रेन में गाना गाकर अपना गुजारा करते थे। तो आइए जानते हैं उनके जन्मदिन के मौके पर अभिनेता आयुष्मान खुराना के जीवन से जुड़ी कुछ रोचक बातों के बारे में…

जन्म और परिवार
चंडीगढ़ के एक पंजाबीहिन्दू परिवार में 14 सितंबर 1984 को आयुष्मान खुराना का जन्म हुआ था। इनके पिता का नाम पी खुराना और मां का नाम पूनम खुराना था। आयुष्मान के पिता पेशे से ज्योतिष थे। इनका असली नाम निशांत खुराना था। लेकिन जब वह तीन साल के थे, तो एक ज्योतिष के कहने पर उनके मातापिता ने नाम बदलकर आयुष्मान खुराना रख दिया था।
थिएटर में एक्टिव
आयुष्मान की पढ़ाईलिखाई भी चंडीगढ़ में हुई। वह कॉलेज के दिनों से ही थिएटर में एक्टिव रहे। उन्होंने डीएवी कॉलेज के थिएटर ग्रुप में जुड़कर कई नाटकों में एक्टिंग की। बचपन से आयुष्मान का इंट्रेस्ट गाने और कविता में भी रही थी। उन्होंने ग्रैजुएशन करने के बाद पंजाब विश्वविद्यालय से मास्टर्स इन मास कम्युनिकेशन किया। इसके अलावा उन्होंने सेंट बेड्स शिमला, बिट्स पिलानी और IIT बॉम्बे के मंचों पर उन्होंने अवॉर्ड्स भी जीते।
ट्रेन में गाना गाकर कमाए पैसे
जब आयुष्मान खुराना मुंबई पहुंचे तो इस दौरान उनको काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। अभिनेता ने बताया था कि एक समय पर उनके पास रहने के लिए घर नहीं था, ऐसे में वह अपने एक दोस्त के साथ रहते थे। वहीं फिल्मों में किस्मत आजमाने से पहले उन्होंने शादियों, कॉलेज फेस्ट, कार्यक्रमों और ट्रेन के डिब्बों तक में गाना शुरू किया था। जिससे कि वह छोटीमोटी कमाई कर पाएं।
टीवी में किया काम
फिल्मों में काम करने से पहले आयुष्मान खुराना ने टीवी में काफी काम किया और अभिनेता ने एमटीवी रोडीज सीजन 2 जीतकर पहचान हासिल की। इसके बाद वह रेडियो जॉकी के रूप में काम करने लगे। फिर अभिनेता ने ‘जस्ट डांस’, ‘एमटीवी रॉक ऑन’ और ‘इंडियाज गॉट टैलेंट’ जैसे जैसे शोज की भी होस्टिंग की है। इस दौरान आयुष्मान ने टीवी शोज में भी अपनी किस्मत आजमाई।
फिल्मी सफर
साल 2012 में आयुष्मान खुराना ने फिल्म ‘विक्की डोनर’ से फिल्मी दुनिया में कदम रखा। इस फिल्म में आयुष्मान और यामी गौतम थे। इसके बाद अभिनेता ने ‘नौटंकी साला’, ‘बरेली की बर्फी’, ‘दम लगा के हईशा’, ‘बधाई हो’, ‘शुभ मंगल सावधान’, ‘अंधाधुंन’, ‘आर्टिकल 15’, और ‘ड्रीम गर्ल’ जैसी कई फिल्मों में काम किया। साल 2018 में अभिनेता को फिल्म ‘अंधाधुन’ के लिए नेशनल अवॉर्ड भी मिला था।
सिंगिंग करियर
आयुष्मान ने न सिर्फ अपनी एक्टिंग से लोगों के दिलों में जगह बनाई, बल्कि उन्होंने अपनी आवाज का जादू भी दर्शकों पर चलाया है। अभिनेता ने ‘सड्डी गली आजा’ ‘पानी दा रंग’ और ‘नज्मनज्म’ जैसे गाने गाए हैं, जिनको लोगों द्वारा खूब पसंद किया गया है।