Agra Lucknow Expressway Accident: उत्तर प्रदेश के कन्नौज में आगरालखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। पिकनिक से लौट रही स्कूली बच्चों से भरी बस को पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में 4 बच्चों की मौत हो गई, जबकि 35 बच्चे घायल हुए हैं। बस में करीब 50 बच्चे और 6 शिक्षक सवार थे। घायलों को एंबुलेंस से तिर्वा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।

एक्सप्रेसवे पर खड़ी बस को ट्रक ने मारी टक्कर
हादसा कन्नौज के ठठिया थाना क्षेत्र में आगरालखनऊ एक्सप्रेसवे के 209वें किलोमीटर पर हुआ। जानकारी के मुताबिक, आगरा के एक स्कूल के बच्चे पिकनिक के लिए कौशांबी गए थे। मंगलवार को सभी बच्चे बस से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बच्चों को बाथरूम कराने के लिए बस एक्सप्रेसवे के किनारे रोकी गई। तभी पीछे से आए ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी।
4 बच्चों की मौत, 35 घायल
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार बच्चों में चीखपुकार मच गई। हादसे में 4 बच्चों की मौत हो गई और 35 घायल हुए। बस में करीब 50 बच्चे और 6 शिक्षक मौजूद थे। घायलों को एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज तिर्वा पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
डीएम और एसपी पहुंचे मेडिकल कॉलेज
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया गया। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात की और डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
चार बच्चों को मृत घोषित किया गया
एसपी विनोद कुमार के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 5:45 बजे आगरा से लखनऊ की तरफ जा रही स्कूल बस को 209वें किलोमीटर के पास ट्रक ने पीछे से टक्कर मारी। तिर्वा मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर में चार बच्चों को मृत घोषित किया गया। स्कूल के प्रिंसिपल और एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें कानपुर रेफर किया जा रहा है। वहीं, मामूली रूप से घायल 22 बच्चों का इलाज तिर्वा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
सुरक्षित बच्चों को घर भेजने की तैयारी
हादसे में सुरक्षित बचे बच्चों और स्कूल स्टाफ को दूसरे वाहन से घर भेजने की व्यवस्था की जा रही है। एक घायल छात्र ने बताया कि बस बच्चों को बाथरूम कराने के लिए रुकी थी। इसी दौरान पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।