राष्ट्रीय राजधानी से सटे नोएडा शहर की सबसे महत्वपूर्ण सड़कों में से एक नोएडा एलिवेटेड रोड मंगलवार को अचानक धंस गई. नोएडा सेक्टर61 से सेक्टर18 के बीच बने इस एलिवेटेड रोड पर करीब 20 फीट चौड़ा और 10 फीट गहरा गड्ढा हो गया. गनीमत रही कि इस घटना के दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने एलिवेटेड रोड के इस हिस्से को बंद कर दिया है.

यह एलिवेटेड रोड नोएडा के साथसाथ दिल्ली, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बीच आवागमन का एक महत्वपूर्ण रास्ता है. इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं सड़क धंसने की घटना के बाद एलिवेटेड रोड की सुरक्षा और नोएडा अथॉरिटी की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं. सड़क धंसने की सूचना मिलते ही नोएडा अथॉरिटी के सिविल विभाग और जल विभाग की टीम बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंची.
जांच में जुटे अधिकारी
जांच में जुटे अधिकारी अधिकारियों की टीम मौका मुआयना कर रही है. हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सड़क किस वजह से धंसी है. अथॉरिटी के अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है. जांच के बाद ही सड़क धंसने की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी. टीम यह भी जांच कर रही है कि कहीं भूमिगत जल लाइन या किसी अन्य कारण से सड़क के नीचे की जमीन कमजोर तो नहीं हुई.
लाइफ लाइन है ये सड़क
करीब 5 किलोमीटर लंबा यह एलिवेटेड रोड दिल्ली से ग्रेटर नोएडा वेस्ट सेक्टरो की सोसाइटियों और गाजियाबाद की ओर आनेजाने वाले लाखों लोगों के लिए अहम कड़ी है. ऐसे में सड़क धंसने की घटना ने यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. जिस एलिवेटेड रोड पर रोजाना लाखों की संख्या में वाहन गुजरते हैं. अब जांच के बाद यह साफ होगा कि सड़क धंसने के पीछे क्या कारण है.