Mathura News: उत्तर प्रदेश के मथुरा में कोसीकलां के सर्राफा बाजार स्थित जुगल किशोर ज्वैलर्स में हुई करीब 12 करोड़ रुपये की सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है. वारदात के करीब 24 घंटे के भीतर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें दो पुरुष आरोपी और दो महिला शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से 7.05 किलोग्राम सोने के आभूषण/सोना और करीब 11 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं.

पुलिस के अनुसार चोरी की वारदात 13 सितंबर की शाम करीब 7:30 बजे से 14 सितंबर की सुबह 10 बजे के बीच हुई. चोर दुकान में घुसे और तिजोरी व लॉकरों को निशाना बनाकर करोड़ों रुपये कीमत का सोना और नकदी लेकर फरार हो गए. वारदात के बाद पुलिस ने कई टीमें गठित कर जांच शुरू की.
जांच के दौरान पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. बताया जा रहा है कि 100 से ज्यादा कैमरों की फुटेज की जांच के बाद संदिग्धों की पहचान की गई. पुलिस ने उनके आनेजाने के रास्ते और गतिविधियों की कड़ियां जोड़ते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई.
पूर्व कर्मचारी पर मास्टरमाइंड होने का आरोप
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार मुख्य आरोपी की पहचान विष्णु उर्फ पप्पू सोनी, उम्र 27 वर्ष, निवासी रामनगर कोसीकलां के रूप में हुई है. दूसरे आरोपी की पहचान मोहन सोनी, उम्र 22 वर्ष, निवासी रामनगर कोसीकलां के रूप में बताई गई है. पुलिस के अनुसार विष्णु पूर्व में जुगल किशोर ज्वैलर्स में कर्मचारी रह चुका है और उसी पर वारदात का मास्टरमाइंड होने का आरोप है.
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने चारों आरोपियों को 15 सितंबर 2026 को दोपहर 12:59 बजे गोपालबाग, थाना कोसीकलां क्षेत्र से गिरफ्तार किया. उनके पास से सोने और नकदी के अलावा लॉकर की चाबी, गैस कटर, वायर कटर, वारदात के समय पहने गए कपड़े और अन्य सामान भी बरामद होने का दावा किया गया है.
इस कार्रवाई में मथुरा पुलिस के साथ एसटीएफ आगरा, एसओजी और थाना कोसीकलां पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही. अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर चोरी के बाकी माल और वारदात में शामिल अन्य संभावित लोगों की जानकारी जुटा रही है.