भारतीय क्रिकेट टीम ने करीब एक साल पहले पाकिस्तान को हराकर एशिया कप का खिताब अपने नाम किया था, लेकिन चैंपियन बनने के बावजूद टीम ट्रॉफी लेकर घर नहीं लौट सकी। वजह थी प्रेजेंटेशन सेरेमनी में एशियन क्रिकेट काउंसिल के प्रमुख मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से भारतीय टीम का इनकार। अब करीब 350 दिन बाद महिला एशिया कप में भी ऐसा ही मामला सामने आने के बाद पुराना विवाद फिर चर्चा में है।

आखिर कहां है भारत की Asia Cup ट्रॉफी?
2025 में पाकिस्तान को फाइनल में हराने के बाद भारतीय टीम ट्रॉफी लेने के लिए मंच पर नहीं गई थी। इसके बाद ट्रॉफी भारतीय टीम को आधिकारिक तौर पर नहीं सौंपी गई। बाद की रिपोर्ट्स में सामने आया कि ट्रॉफी दुबई स्थित ACC कार्यालय में रखी गई है और इसे भारत को सौंपने का मामला अब तक सुलझा नहीं है।
मामला इतना बढ़ गया था कि भारतीय टीम ने बिना ट्रॉफी के ही अपनी जीत का जश्न मनाया था। कप्तान सूर्यकुमार यादव और उनकी टीम की तस्वीरें भी ट्रॉफी के बिना सामने आई थीं।
मोहसिन नकवी से क्यों नहीं ली थी टीम इंडिया ने ट्रॉफी?
दरअसल, मोहसिन नकवी पाकिस्तान के गृह मंत्री , पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन और ACC प्रमुख की भूमिका में थे। भारतपाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण माहौल के बीच भारतीय टीम ने उनसे ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। प्रेजेंटेशन में इसी बात को लेकर काफी देर तक असमंजस बना रहा और आखिरकार भारतीय टीम को Asia Cup ट्रॉफी नहीं मिली। इसके बाद नकवी ट्रॉफी के साथ मंच से चले गए थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बाद में इसे दुबई स्थित ACC कार्यालय में सुरक्षित रखा गया।
350 दिन बाद महिला टीम ने भी दोहराया वही फैसला
अब 2026 महिला एशिया कप के फाइनल में श्रीलंका को हराकर भारतीय महिला टीम चैंपियन बनी, लेकिन उसने भी मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। भारतीय टीम ने प्रेजेंटेशन सेरेमनी में हिस्सा नहीं लिया और बिना Asia Cup ट्रॉफी के ही वापस लौट गई। बीसीसीआई ने बाद में इसे परिस्थितियों को देखते हुए लिया गया संस्थागत फैसला बताया। इस तरह करीब 350 दिन बाद भी भारत और मोहसिन नकवी के बीच एशिया कप ट्रॉफी का विवाद खत्म नहीं हुआ है।