Bijnor National Lok Adalat: बिजनौर में शनिवार को लगी नेशनल लोक अदालत में उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक ने बड़ी संख्या में पुराने लोन मामलों का निपटारा कराया। बैंक ने जजी परिसर में स्टॉल लगाकर कर्जदारों से बातचीत की और समझौते के जरिए मामलों को खत्म करने की कोशिश की।

345 लोन मामलों में सेटलमेंट
नेशनल लोक अदालत में उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की ओर से बकाया लोन की वसूली पर जोर दिया गया। बैंक के अधिकारियों ने कर्जदारों से संपर्क करके उन्हें समझौते के जरिए अपने पुराने खातों का निपटारा करने के लिए समझाया। दिनभर बैंक के स्टॉल पर कर्जदारों की भीड़ लगी रही और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया।
126.30 लाख रुपये की मौके पर वसूली
बैंक के अनुसार, कुल 374.50 लाख रुपये की बकाया राशि वाले मामलों में 180.50 लाख रुपये के समझौते हुए। इनमें से 126.30 लाख रुपये की राशि नेशनल लोक अदालत दौरान ही जमा कराकर वसूल की गई। बैंक ने बताया कि कई कर्जदारों ने मौके पर अपने बकाया खातों का निपटारा कराया।
क्षेत्रीय प्रबंधक ने कर्जदारों से की बातचीत
उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक शरत चन्द्र ने लोक अदालत में खुद कई कर्जदारों से बातचीत की। उन्होंने लोगों को समझौते के जरिए लोन खातों का निपटारा करने के लिए कहा। बैंक के कई अधिकारी और कर्मचारी भी पूरे दिन वसूली और समझौते की प्रोसेस में जुटे रहे।
ये खबर भी पढ़ें:
जिला जज ने बैंक स्टॉल का किया निरीक्षण
जिला जज संजय कुमार ने अपनी टीम और लीड बैंक अधिकारी अखिल कुमार सिंह के साथ बैंक के स्टॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से लोक अदालत में किए जा रहे काम की जानकारी ली और पुराने लोन मामलों के निपटारे के लिए बैंक के प्रयासों की सराहना की।
ये खबर भी पढ़ें:
आगे भी जारी रहेगा वसूली अभियान
बैंक अधिकारियों ने बताया कि पुराने लोन मामलों को खत्म करने और बकाया राशि की वसूली के लिए आगे भी ऐसे प्रयास जारी रहेंगे। लोक अदालत के जरिए कर्जदारों को समझौते का मौका देकर मामलों का जल्द निपटारा कराने पर बैंक का फोकस रहेगा।