Indian Railway News: इंडियन रेलवे की ऑनलाइन टिकट बुकिंग सेवा IRCTC ने एक दिन में 20 लाख से ज्यादा टिकट बुक करने का नया रिकॉर्ड बनाया है. IRCTC के मुताबिक, 7 सितंबर 2026 को कुल 20,06,353 टिकट बुक किए गए. त्योहारों के सीजन में एडवांस रिजर्वेशन पीरियड के तहत बढ़ी बुकिंग को इस रिकॉर्ड की बड़ी वजह बताया जा रहा है. इससे एक दिन पहले यानी 8 सितंबर को भी करीब 19.50 लाख टिकट बुक हुए.

पिछले साल का रिकॉर्ड भी टूटा
IRCTC के मुताबिक, पिछले साल एक दिन में सबसे ज्यादा करीब 18.40 लाख टिकट बुक हुए थे. इस बार 20 लाख का आंकड़ा पार कर नया रिकॉर्ड बना है. रेलवे के मुताबिक, ऑनलाइन टिकट बुकिंग का दायरा लगातार बढ़ रहा है और यात्री अब पहले की तुलना में इंटरनेट के जरिए टिकट बुक करना ज्यादा पसंद कर रहे हैं.
ये भी पढे़ं
89 फीसदी रिजर्व टिकट ऑनलाइन बुक
IRCTC के आंकड़ों के मुताबिक, अब सिर्फ करीब 11 फीसदी रिजर्व टिकट ऑफलाइन बुक किए जा रहे हैं, जबकि 89 फीसदी टिकट ऑनलाइन बुक हो रहे हैं. इससे साफ है कि यात्रियों के बीच ऑनलाइन टिकट बुकिंग तेजी से बढ़ रही है.
नए सर्वर से बढ़ी सिस्टम की क्षमता
IRCTC का कहना है कि टिकट बुकिंग सिस्टम को मजबूत करने के लिए पुराने सर्वर हटाकर नए सर्वर लगाए गए हैं. NGet Refresh के तहत किए गए बदलावों से सिस्टम की क्षमता लगभग दोगुनी होने का दावा किया गया है. इसके अलावा 15 जुलाई 2026 से नया बीटा इंटरफेस भी शुरू किया गया है. इसमें स्लीपर, AC 3 टियर और AC 2 टियर जैसी श्रेणियों में सीटों की उपलब्धता एक ही स्क्रीन पर दिखाई देती है. इससे यात्रियों के लिए टिकट बुक करना आसान हुआ है.
BOT ट्रैफिक पर भी लगाम
IRCTC के मुताबिक, सिस्टम में AntiBOT और CDN तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है. इससे BOT ट्रैफिक में करीब 55 से 65 फीसदी तक कमी आई है. इसके साथ ही फर्जी वेबसाइट और ऐप के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है.
एजेंटों की बुकिंग पर नए नियम
IRCTC के अनुसार, अधिकृत एजेंट जैसे YTSK और RTSA सुबह 8 बजे से 8:10 बजे तक ARP टिकट बुक नहीं कर सकते. वहीं, 12 अक्टूबर 2025 से ओपनिंग ARP विंडो में टिकट बुक करने के लिए आधार वेरिफाइड यूजर होना जरूरी किया गया है.
फर्जी ID पर भी कार्रवाई
IRCTC ने टिकटों की गलत तरीके से बुकिंग रोकने के लिए फर्जी यूजर ID पर भी कार्रवाई की है. IRCTC के दावे के मुताबिक, अब तक 3.04 करोड़ यूजर ID बंद की जा चुकी हैं, जबकि 6.33 करोड़ ID को रीवैलिडेशन के लिए भेजा गया है. इसके अलावा 16,041 संदिग्ध ईमेल डोमेन भी ब्लॉक किए गए हैं. IRCTC का कहना है कि इन तकनीकी बदलावों और फर्जी बुकिंग पर कार्रवाई का असर अब टिकट बुकिंग सिस्टम की क्षमता और स्पीड में दिखाई दे रहा है.