Bijnor Road Accident: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाले सड़क हादसे की खबर सामने आई है. जिले के थाना नजीबाबाद क्षेत्र के सरवनपुर नहर के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने सड़क किनारे खड़े होकर खाना खा रहे तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण हादसे में तीनों लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई है. हादसा इतना भयानक था कि पीड़ितों को सम्भलने का मौका नहीं मिला.

हादसे का शिकार हुए सभी लोग पंजाब के रहने वाले थे. ये लोग एक पिकअप वाहन में घोड़े लेकर पीलीभीत से पंजाब की तरफ जा रहे थे. देर रात सफर के दौरान उन्होंने खाना खाने के लिए नजीबाबादकोतवाली हाईवे पर सरवनपुर नहर के पास अपना वाहन रोका था. सभी लोग सड़क किनारे खड़े होकर भोजन कर रहे थे, तभी काल बनकर आई एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया.
टक्कर मारकर कार चालक हुआ फरार
इस हादसे में दो किशोर भी घायल हुए हैं. घटना को अंजाम देने के बाद कार स्वामी मौके से वाहन लेकर फरार हो गया. चीखपुकार सुनकर आसपास के लोग और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक तीनों दम तोड़ चुके थे. स्थानीय लोगों ने तुरंत इस घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी. सूचना मिलते ही थाना नजीबाबाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची.
जांच और कार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों के परिजनों को सूचित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. एसपी सिटी डा. कृष्ण गोपाल ने बताया एक्सीडेंट कर फरार कार और उसके चालक की तलाश जारी है. इसके लिए हाईवे और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले जा रहे हैं. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर है.