आईपीओ मार्केट में पैसा लगाने वालों के लिए अच्छी खबर है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ने अपने बहुप्रतीक्षित IPO के लिए प्राइस बैंड तय कर दिया है। यह IPO सब्सक्रिप्शन के लिए गुरुवार, 17 सितंबर को खुलेगा और सोमवार, 21 सितंबर को बंद होगा। एनएसई का यह आईपीओ देश के सबसे बड़े आईपीओ में से एक होगा।

नई दिल्ली स्थित नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ने 1 रुपये की फेस वैल्यू वाले शेयर के लिए प्राइस बैंड ₹1,700 से ₹1,785 प्रति शेयर तय किया है। इस इश्यू का 35% हिस्सा रिटेल निवेशकों के लिए आवंटित किया गया है, जबकि 50% हिस्सा योग्य संस्थागत बोलीदाताओं के लिए आरक्षित है। बाकी हिस्सा गैरसंस्थागत निवेशकों के लिए उपलब्ध होगा।
इस IPO के लिए लॉट साइज आठ शेयर का रखा गया है। इसका मतलब है कि रिटेल निवेशकों को एक लॉट के लिए बोली लगाने के लिए कम से कम ₹14,280 का निवेश करना होगा। इसके बाद की बोलियां आठ शेयरों के मल्टीपल में लगानी होंगी। प्राइस बैंड के ऊपरी स्तर पर, NSE IPO की वैल्यू ₹22,561.57 करोड़ होगी। इस तरह यह भारतीय इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा IPO होगा।
इस कीमत पर NSE का मार्केट कैप ₹4.41 लाख करोड़ होगा। IPO में भाग लेने वाले योग्य कर्मचारियों को प्रति शेयर ₹170 की छूट मिलेगी। यह IPO पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल है। इसका मतलब है कि NSE को खुद शेयर बिक्री से कोई रकम नहीं मिलेगी।
योग्य शेयरधारकों के लिए शेयरों का अलॉटमेंट 22 सितंबर तक तय किया जाएगा, जबकि योग्य शेयरधारकों के डीमैट अकाउंट में शेयर 23 सितंबर को क्रेडिट होने की उम्मीद है। शेयर 24 सितंबर को बीएसई पर लिस्ट होंगे।
ओएफएस में शेयर बेचने वाले शेयरधारकों में एसबीआई , कनाडा पेंशन प्लान इन्वेस्टमेंट बोर्ड, अरंडा इन्वेस्टमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड, एमएस स्ट्रैटेजिक मॉरिशस लिमिटेड, न्यू इंडिया एश्योरेंस, एसबीआई कैपिटल मार्केट्स, बैंक ऑफ बड़ौदा, स्टॉक होल्डिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया, जनरल इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया और यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी शामिल हैं।
इस बीच, एनएसई ने ओएफएस का साइज लगभग 15% कम कर दिया है। इसकी वजह यह है कि कई शेयरधारकों ने बेचे जाने वाले शेयरों की संख्या कम कर दी है। ड्राफ्ट के मुताबिक 14.89 करोड़ शेयर बेचे जाने थे, लेकिन अब इस संख्या को घटाकर 12.64 करोड़ शेयर कर दिया गया है। इस तरह लगभग 2.25 करोड़ शेयरों की कमी की गई है।
इस बीच ग्रे मार्केट में एनएसई के अनलिस्टेड शेयर का प्रीमियम घट गया है। ipowatch.in के मुताबिक गुरुवार को यह 255 रुपये चल रहा था लेकिन आज 191 रुपये रह गया है। यानी इसके 1,976 रुपये पर लिस्ट होने की संभावना है। उधर unlistedzone.com के मुताबिक कंपनी का अनलिस्टेड शेयर गुरुवार को 1,985 रुपये पर बंद हुआ।