Kaushambi News: उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले में महिला थाने में तैनात महिला सिपाही की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई. घटना मंगलवार सुबह मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित महिला थाना परिसर में हुई. मृतका की पहचान 2025 बैच की महिला सिपाही प्रियंका यादव के रूप में हुई है. प्रियंका मूल रूप से गाजीपुर जिले की रहने वाली थीं और कौशाम्बी महिला थाने में तैनात थीं.

बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे प्रियंका यादव महिला थाना परिसर में पहरा ड्यूटी पर तैनात थीं. इसी दौरान उनकी सरकारी बंदूक से अचानक गोली चल गई. गोली उनके गले को चीरते हुए सिर में जा लगी, जिसके बाद वह मौके पर ही गिर गईं. गोली चलने की आवाज सुनकर थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे.
गोली चलने से महिला सिपाही की मौत
घायल प्रियंका को आननफानन में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे. पुलिस अधीक्षक सत्यार्थ प्रजापत, अपर पुलिस अधीक्षक अमित सिंह और क्षेत्राधिकारी मंझनपुर समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली.
पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आखिर बंदूक से गोली किन परिस्थितियों में चली. मौके से जुड़े साक्ष्यों को भी जुटाया जा रहा है और फॉरेंसिक टीम की मदद ली जा रही है.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह ने बताया कि महिला थाना में तैनात महिला सिपाही प्रियंका यादव को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगी थी. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. उन्होंने बताया कि प्रियंका मूल रूप से गाजीपुर की रहने वाली थीं और उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है. पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है.
अधिकारियों ने क्या कहा?
वहीं, पुलिस अधीक्षक सत्यार्थ प्रजापत के मुताबिक, जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे थे, जहां डॉक्टरों ने प्रियंका को मृत घोषित कर दिया. पुलिस को प्रारंभिक जानकारी मिली है कि प्रियंका पहले पार्टी दे रही थीं, तभी अचानक उनकी बंदूक से गोली चल गई. हालांकि, गोली किस तरह चली और घटना की पूरी परिस्थितियां क्या थीं, इसका पता फॉरेंसिक जांच के बाद ही चल सकेगा.
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है. प्रियंका के परिजनों को सूचना दे दी गई है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी.