नई दिल्ली। निशु आजाद के पिता संजय कुमार के साथ मारपीट के मामले में दिल्ली में एक बार फिर हंगामा खड़ा हो गया है. जंतरमंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के दौरान हुई इस घटना को लेकर अब संसद मार्ग थाने के बाहर प्रदर्शन शुरू हो चुका है. सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक पॉडकास्ट क्लिप ने पूरे मामले को फिर से गरमा दिया है, जिसमें स्वतंत्र भारद्वाज ने खुद यह स्वीकार किया है कि संजय कुमार के सिर पर हमला उसी ने किया था.

दिल्ली पुलिस और CJP नेताओं आशुतोष रांका व सौरव दास के बीच बैठक शुरू हो गई है. प्रतिनिधिमंडल में निशु आजाद, उनके पिता संजय आजाद और सांसद चंद्रशेखर भी शामिल हैं. फिलहाल यह बैठक संसद मार्ग थाने के SHO के साथ हो रही है.
दरअसल यह पूरा विवाद कॉकरोच जनता पार्टी के जंतरमंतर पर हुए एक प्रदर्शन से जुड़ा है, जहां निशु आजाद के पिता संजय कुमार के साथ मारपीट हुई थी और इस हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई थी.
कॉकरोच पार्टी में पहली फूट! बागी ने बनाई पार्टी, नाम रखा CJPD
इस घटना के बाद से ही CJP यानी कॉकरोच जनता पार्टी लगातार दिल्ली पुलिस से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करती आई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई थी. अब हाल ही में सामने आई एक पॉडकास्ट क्लिप ने इस मामले को नया मोड़ दे दिया है.
इस वायरल वीडियो में स्वतंत्र भारद्वाज ने खुलेआम यह दावा किया कि संजय कुमार के सिर पर वार करने वाला वही था. इतना ही नहीं, उसने यह भी कहा कि राजनीतिक प्रभाव की वजह से उसके खिलाफ अब तक कोई बड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं हो पाई है.
यह वीडियो सामने आते ही CJP के प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका अपने समर्थकों के साथ पटेल चौक से संसद मार्ग थाने के लिए निकल पड़े. इस पूरे मामले में समाज पार्टी के राष्ट्रीय के अध्यक्ष चंद्रशेखर ने भी उनका साथ दिया और वो भी थाने पहुंचे. पीड़ित परिवार की बेटी निशु आजाद भी खुद थाने पहुंचीं ताकि इस मामले में जल्द से जल्द इंसाफ मिल सके.
आशुतोष रांका ने लगाया आरोप
थाने पहुंचने के बाद CJP के सह संयोजक आशुतोष रांका ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि जंतरमंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान संजय जी के साथ बहुत बुरी तरह मारपीट की गई थी, जिसमें उनके सिर पर गहरी चोट आई थी. उन्होंने बताया कि सौरव दास और उनकी पूरी टीम शुरू से ही दिल्ली पुलिस से आरोपियों को गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज करने की मांग करती रही, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई थी.
रांका ने आगे कहा कि अब जब घटना में शामिल लोग खुद खुलेआम यह मान रहे हैं कि उन्होंने संजय जी पर हमला किया और उन्हें मारने की कोशिश की, तब भी दिल्ली पुलिस चुप बैठी है. उनका आरोप है कि कपिल मिश्रा और बीजेपी कार्यकर्ताओं के दबाव में पुलिस ने जानबूझकर कोई कार्रवाई नहीं की. उन्होंने इसे देश और लोकतंत्र के लिए बेहद शर्मनाक दिन बताया. उनका कहना है कि उनकी पूरी टीम शुरुआत से ही संजय जी और उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़ी रही है.
CJP की मुख्य मांग है कि दिल्ली पुलिस उन लोगों को तुरंत गिरफ्तार करे जिन्होंने खुद इस घटना में अपनी भूमिका स्वीकार की है, और उनके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर सभी लागू गंभीर धाराएं लगाई जाएं. इस बीच कांग्रेस पार्टी भी इस मामले में सक्रिय हो गई है. पार्टी की लीगल टीम अब निशु आजाद की मदद के लिए आगे आई है. यह कदम कांग्रेस नेता राहुल गांधी की सोशल मीडिया पोस्ट के बाद उठाया गया है, जिसके बाद कांग्रेस की कानूनी टीम इस मामले में सक्रिय रूप से काम में जुट गई है.
कांग्रेस भी सक्रिए
इस मामले में कांग्रेस की लीगल टीम भी निशु आजाद की मदद के लिए सक्रिय हो गई है. राहुल गांधी की सोशल मीडिया पोस्ट के बाद कांग्रेस की कानूनी टीम कार्रवाई में जुट गई है.
कांग्रेस की कानूनी टीम निशु आजाद को उनके पिता पर हमला करने के मामले में स्वतंत्र भारद्वाज की तत्काल गिरफ्तारी की मांग में मदद करेगी. निशु आजाद ने राहुल गांधी से कानूनी मदद मांगी थी. वहीं, दिल्ली प्रदेश यूथ कांग्रेस अध्यक्ष अक्षय लकड़ा, निशु आजाद और लीगल सेल के वकील आज संसद मार्ग पुलिस स्टेशन पहुंचेंगे. वे स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे.