Firozabad News: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, एक व्यक्ति ने पहले अपनी पहचान बदलकर खुद को विनय बताया और किरायेदार बनकर मकान मालिक का भरोसा जीता. इसके बाद परिवार के घर से बाहर जाने का इंतजार किया और मौका मिलते ही अलमारी का लॉक तोड़कर कीमती जेवरात चोरी कर फरार हो गया. हालांकि, पुलिस ने चोरी के माल को बेचने से पहले ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया है.

पुलिस के अनुसार, आवास विकास कॉलोनी निवासी मुन्नालाल ने 28 अगस्त को थाना शिकोहाबाद में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में बताया गया कि वह अपने परिवार के साथ जसवंतनगर स्थित ससुराल गए हुए थे. वापस लौटने पर घर का मुख्य गेट खुला मिला. घर के अंदर रखी अलमारी के ताले भी टूटे हुए थे और उसमें रखे सोनेचांदी के जेवरात गायब थे.
किरायेदार बन चुराए गहने
मकान मालिक ने पुलिस को बताया कि 15 अगस्त को एक व्यक्ति ने अपना नाम विनय बताते हुए किराये पर कमरा लिया था. चोरी की घटना के बाद वह किरायेदार भी गायब मिला. इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और संदिग्ध की तलाश में शिकोहाबाद पुलिस व सर्विलांस टीम को लगाया गया.
पुलिस जांच में गिरफ्तार आरोपी की पहचान जमील अहमद उर्फ मोनू के रूप में हुई. पुलिस का दावा है कि आरोपी ने कथित तौर पर चोरी की नीयत से फर्जी नाम का इस्तेमाल कर मकान में किराये पर कमरा लिया था. परिवार के बाहर जाने के बाद उसने अलमारी का लॉक तोड़कर जेवरात चोरी कर लिए और फरार हो गया.
पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर की सूचना पर आरोपी को 1 सितंबर की रात असुवा रोड स्थित नौशहरा मोड़ के पास से गिरफ्तार किया गया. तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक .315 बोर का अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया गया. पुलिस का दावा है कि आरोपी के बैग से चोरी किए गए जेवरात भी मिले हैं.
बरामद सामान में नेकलेस सेट, टॉप्स, दो जोड़ी झुमकी, पेंडल सहित चेन, तीन अंगूठियां, मंगलसूत्र और चूड़ी के टुकड़े शामिल हैं. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चोरी के मामले में कार्रवाई आगे बढ़ाने के साथ अवैध हथियार बरामद होने पर आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया है. आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है.