स्किन पर होने वाले एक्ने एक नॉर्मल प्रॉब्लम है. लेकिन कहीं ये फंगल इंफेक्शन तो नहीं है ये जानना भी बहुत जरूरी है. नॉर्मल एक्ने के होने का कारण सीबम और गंदगी होती है. फंगल एक्ने और नॉर्मल एक्ने में फर्क कैसे करें इसके लिए टीवी9 ने डॉ. रश्मि रंजन से बातचीत की. स्किन की डॉक्टर रश्मि का कहना है कि फंगल एक्ने और सामान्य मुंहासे देखने में एक जैसे लग सकते हैं, लेकिन दोनों अलगअलग समस्याएं हैं. सामान्य मुंहासे आमतौर पर त्वचा में ज्यादा तेल बनने, रोमछिद्र बंद होने, बैक्टीरिया और हार्मोनल बदलावों के कारण होते हैं. इनमें ब्लैकहेड्स, व्हाइटहेड्स और बड़े या दर्द वाले पिंपल्स हो सकते हैं.

रेगुलर एक्ने में स्किन के पोर्स ऑयल और डेड सेल्स से बंद होने लगते हैं. इस वजह से सूजन होने लगती है. ऐसे में ब्लैकहेड्स, व्हाइटहेड्स, पिंपल्स और कभीकभी दर्दनाक सिस्ट भी हो सकते हैं.
क्यों होते हैं फंगल वाल एक्ने
फंगल एक्ने त्वचा पर एक तरह के फंगस या यीस्ट की अधिक वृद्धि के कारण होता है. इसमें छोटेछोटे, एक जैसे दाने निकलते हैं और अक्सर खुजली भी होती है. यह समस्या माथे, छाती, कंधों और पीठ पर ज्यादा दिखाई दे सकती है. पसीना, गर्म और उमस भरा मौसम तथा बहुत टाइट कपड़े इस समस्या को बढ़ा सकते हैं.
फंगल एक्ने, को मेडिकली Malassezia folliculitis कहते हैं और ट्रेडिशनली देखें तो ये एक्ने नहीं है. ये स्किन के बालों के रोम में Malassezia नामक यीस्ट ज्यादा होने वाली प्रॉब्लम है. इसमें आमतौर पर एक जैसे छोटेछोटे लाल या त्वचा के रंग के दाने दिखाई देते हैं और इनमें खुजली भी हो सकती है. ये प्रॉब्लम ज्यादातर माथा, छाती, पीठ और कंधों पर दिख सकती है.
कैसे होता है इनका इलाज
सबसे जरूरी बात यह है कि दोनों का इलाज अलग होता है. सामान्य मुंहासों की दवाएं फंगल एक्ने पर हमेशा असरदार नहीं होतीं. इसलिए बिना सलाह के कोई क्रीम या दवा इस्तेमाल करने से बचें. अगर चेहरे या शरीर पर लगातार दाने निकल रहे हैं, खुजली हो रही है या समस्या बढ़ रही है, तो त्वचा विशेषज्ञ से जांच कराकर सही कारण और उचित उपचार जानना जरूरी है.
फंगल एक्ने होने पर क्या करें, जानें
- स्किन को साफ और ड्राई रखने की कोशिश करें. खासकर पसीना आने के बाद चेहरा धोकर सुखाएं.
- ज्यादा ऑयली प्रोडक्ट्स के इस्तेमाल से बचें. क्योंकि बहुत ज्यादा तेल वाले क्रीम, हेयर ऑयल या ऐसे स्किन केयर प्रोडक्ट्स समस्या को और ज्यादा बढ़ाते हैं.
- एंटीफंगल ट्रीटमेंट लेना बेस्ट है. डॉक्टर जरूरत के अनुसार ketoconazole जैसे एंटीफंगल ट्रीटमेंट की सलाह दे सकते हैं. वैसे खुद से डॉक्टरी इलाज करना सही नहीं है. इसलिए एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें.
- नॉर्मल एक्ने की दवाएं हमेशा काम नहीं करतीं. अगर दाने वास्तव में Malassezia folliculitis हैं, तो सिर्फ नॉर्मल एक्ने ट्रीटमेंट से फायदा न होने की स्थिति में त्वचा विशेषज्ञ से सलाह लें.
- मानसून और गर्मी का मौसम चल रहा है इसलिए पसीने वाले कपड़े जल्द से जल्द बदलने की हमेशा कोशिश करें. क्योंकि पसीने में नमक होता है और इससे प्रॉब्लम और बढ़ सकती है.
- दाने या दूसरी स्किन प्रॉब्लम्स को छूने से बचना चाहिए. दानों को दबाने से जलन और सूजन बढ़ सकती है.