मथुरा में वृंदावन के एक निर्माणाधीन मॉल में आज सुबह एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया. ओमेक्स कोर्टयार्ड मॉल में ढलाई कार्य के दौरान अचानक शटरिंग गिर जाने से मलबे में दबकर तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मॉल में सुबह के समय छत की ढलाई का काम चल रहा था. इसी दौरान तड़के करीब 6:00 बजे अचानक पूरी शटरिंग भरभराकर नीचे गिर गई. हादसे के वक्त वहां काम कर रहे मजदूर मलबे के नीचे दब गए. चीखपुकार सुनकर आसपास के लोग और सुरक्षाकर्मी मौके पर दौड़े.
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की गाड़ियां राहत और बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंच गईं. हादसे में जान गंवाने वाले एक मृतक की पहचान नेपाल निवासी 42 वर्षीय शिवराम के रूप में हुई है. मलबे से दो अन्य मजदूरों के शव भी बरामद किए गए हैं, जिनकी पहचान पश्चिम बंगाल निवासी 28 वर्षीय रफ्यूल और 30 वर्षीय आलम के रूप में हुई है.
ताक पर थी सुरक्षा!
हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए एक अन्य मजदूर, पश्चिम बंगाल निवासी 45 वर्षीय दिलदार को स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहद नाजुक हालत में आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया है.
घटना स्थल पर मौजूद लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों को पूरी तरह ताक पर रख दिया गया था. कार्यस्थल पर मजदूरों की सुरक्षा के लिए कोई पुख्ता इंतजाम या सेफ्टी गियर उपलब्ध नहीं थे, जिसके कारण यह भीषण हादसा हुआ.
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में कुल तीन मजदूरों की मौत हुई है और एक घायल है. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. राहत कार्य पूरा होने के बाद अब घटना के कारणों की जांच की जा रही है कि निर्माण कार्य में किस स्तर पर लापरवाही बरती गई.