Nashik News: महाराष्ट्र के नासिक में लिवइन रिलेशनशिप में रह रहे एक व्यक्ति की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, वसंत गोरखनाथ सातपुते की गला रेतकर हत्या की गई. आरोप है कि उसकी लिवइन पार्टनर हसीना हबीब शेख ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची. हत्या के बाद शव को करीब 18 घंटे तक घर में छिपाकर रखा गया और फिर कार से कसारा घाट के जंगल में ले जाकर फेंक दिया गया. क्राइम ब्रांच ने जांच के बाद शव बरामद कर लिया है.

15 साल से लिवइन में रह रहे थे दोनों
पुलिस के अनुसार, वसंत सातपुते पिछले करीब 15 से 16 साल से हसीना हबीब शेख के साथ लिवइन रिलेशनशिप में रह रहा था. दोनों नासिक के पाथर्डी फाटा स्थित स्वराज्यनगर इलाके में रहते थे. जांच में सामने आया है कि कुछ समय पहले हसीना की साहिल रफीक शाह से दोस्ती और प्रेम संबंध हो गए थे. इसके बाद पुलिस को शक है कि वसंत को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई.
ये भी पढे़ं
सुबह 3 से 4 बजे के बीच हत्या का आरोप
पुलिस के मुताबिक, 6 अगस्त की सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच वसंत की हत्या की गई. आरोप है कि गला रेतकर उसकी जान ली गई. हत्या के बाद शव को तुरंत ठिकाने लगाने के बजाय घर में ही छिपाकर रखा गया. बताया जा रहा है कि करीब 18 घंटे बाद देर रात शव को एक कार में रखा गया और नासिक से कसारा घाट की तरफ ले जाया गया. इसके बाद शव को घाट के घने जंगल में फेंक दिया गया.
CCTV और टोल फुटेज से खुला सुराग
हत्या की जांच में नासिक क्राइम ब्रांच यूनिट1 ने कई जगहों के CCTV फुटेज खंगाले. इसके अलावा टोल नाकों के फुटेज की भी जांच की गई. इन फुटेज से पुलिस को कार की आवाजाही और आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिली. जांच आगे बढ़ने के बाद पुलिस ने कसारा घाट के जंगल में तलाश अभियान चलाया और वसंत सातपुते का शव बरामद कर लिया.
4 आरोपियों पर पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने मामले में हसीना शेख, साहिल शाह, मोइन शाह और सरफराज सैय्यद को आरोपी बनाया है. चारों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 6 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया. पुलिस अब हत्या के पीछे की पूरी वजह, साजिश में किसकी क्या भूमिका थी और हत्या में किन सामानों का इस्तेमाल किया गया, इसकी जांच कर रही है.
शराब और जुए की लत भी जांच के दायरे में
पुलिस की शुरुआती जांच में वसंत की शराब और जुए की कथित लत को भी हत्या की वजह से जोड़कर देखा जा रहा है. हालांकि हत्या की वास्तविक वजह और पूरी साजिश जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी. एसीपी क्राइम ब्रांच नासिक संदीप मिटके के मुताबिक, पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.