India Weather Update Today: मॉनसून के विकराल रूप धारण करने की वजह से इन दिनों देशभर में मौसम का मिजाज बदला हुआ है. दिल्लीएनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में बरसात हो रही है. पूर्वी और दक्षिण के राज्यों तक बारिश का दौर जारी है. बंगाल की खाड़ी के ऊपर दबाव का क्षेत्र बना है, जिसकी वजह से कई राज्यों में भारी बरसात हो रही है. ओडिशा में बाढ़ जैसे हालात हैं. इस बीच मौसम विभाग ने 18 अगस्त यानी आज के लिए बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है.

पिछले सप्ताह देश की राजधानी दिल्ली और उससे जुड़े एनसीआर के क्षेत्र में अच्छी बरसात हुई. इस पूरे हफ्ते भी दिल्ली में मौसम सुहावना रहने वाला है. आज देश की राजधानी में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और मध्य्म बरसात हो सकती है. राज्य में कल भी बादलों की आवाजाही रहेगी और मध्यम बारिश हो सकती है. 20 से लेकर 23 अगस्त तक दिल्ली में बूंदाबादी और हल्की बरसात हो सकती है. वहीं आज राज्य में अधिकतम 34 और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
यूपीबिहार में अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मॉनसून पूरी तरह से सक्रिय है. प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने अगले तीन से चार दिनों तक प्रदेश में बारिश जारी रहने की संभावना जताई है. आज प्रदेश के 24 जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. जबकि 22 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट है. प्रदेश के 56 जिलों में गरजचमक के साथ आकाशीय बिजली गिर सकती है. बिहार में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. आज यहां 10 जिलों में येलो अलर्ट है. झारखंड में भी आज कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.
इन राज्यो में होगी भारी बारिश
राजस्थान के अलवर, करौली, झालावाड़, बारां, अजमेर, कोटा, उदयपुर, भीलवाड़ा और प्रतापगढ़ में आज भारी बारिश और आंधी की चेतावनी आईएमडी ने जारी की है. मध्य प्रदेश के डिंडोरी, विदिशा, खांडवा, मांडला, इंदौर, कटनी, होशंगाबाद और छतरपुर में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है. पंजाब के भी कई जिलो में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और माहे में कहींकहीं भारी बारिश हो सकती है. ओडिशा में भी आज भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
पहाड़ी राज्यों में कैसा रहेगा मौसम?
आज उत्तराखंड के लिए भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी आईएमडी की ओर से जारी की गई है. देहरादून, चंपावत, बागेश्वर, उधम सिंह नगर और नैनीताल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. पहाड़ी जिलों में तेज बारिश के दौरान भूस्खलन, मलबा खिसकने और नदियोंनालों के जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी हो सकती है. हिमाचल प्रदेश में आज कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. जम्मूकश्मीर के पूंछ, कुलगाम, जम्मू, पुलवामा, अनंतनाद, राजौरी उधमपुर, कठुआ और गांदरबल में तेज बारिश और आंधी चल सकती है.