भारत और श्रीलंका के बीच यहां खेले जा रहे पहले टेस्ट क्रिकेट मैच के दूसरे दिन का खेल बारिश के कारण निर्धारित समय पर शुरू नहीं हो पाया। भारत ने टेस्ट मैच के पहले दिन शनिवार को टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दो विकेट पर 288 रन बनाए थे। पहले दिन का आकर्षण देवदत्त पडिक्कल का टेस्ट क्रिकेट में पहला शतक रहा।

पडिक्कल 178 गेंदों पर 12 चौकों और एक छक्के की मदद से 131 रन, जबकि ऋषभ पंत 36 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 27 रन बनाकर खेल रहे हैं। अनुभवी सलामी बल्लेबाज केएल राहुल 77 रन बनाकर चोटिल होकर मैदान से बाहर चले गए। उन्होंने पडिक्कल के साथ मिलकर 150 रन की साझेदारी की थी।
राहुल को हाथ में दर्द के कारण मैदान छोड़ना पड़ा था। बारिश ने लगातार दूसरे दिन खेल में खलल डाला। पहले दिन के दूसरे और तीसरे सत्र में भी बारिश के कारण खेल बाधित रहा था था।