COVID Deaths India: आंध्र प्रदेश में कोरोना वायरस ने एक बार फिर से पैर पसारने शुरू कर दिए हैं. कोरोना की वजह से राज्य के स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है. राज्य के कडप्पा जिले में हाल के हफ्तों में कोविड19 के 8 नए मामले सामने आने और दो संक्रमित मरीजों की मौत के बाद सरकार ने तत्काल प्रभाव से निगरानी और तैयारी के कड़े उपाय लागू कर दिए हैं.

स्वास्थ्य अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, वायरस ने इस बार दो लोगों की जान ले ली है. जानकारी के अनुसार, कडप्पा के राजमपेट इलाके के एक 52 वर्षीय व्यक्ति को तेज बुखार और खांसी की शिकायत के बाद कोविड पॉजिटिव पाया गया था. हालत बिगड़ने पर उन्हें वेल्लोर के क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. वहीं कडप्पा के ही रहने वाले एक 43 वर्षीय व्यक्ति को अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के चलते गवर्नमेंट जनरल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था. वहां टेस्ट करने पर वे कोरोना संक्रमित पाए गए और कोविड इंटेंसिव केयर यूनिट में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.
चिंता की बात ये है कि संक्रमण अब मेडिकल स्टाफ तक भी पहुंच गया है. कडप्पा मेडिकल कॉलेज के एक 25 वर्षीय मेडिकल छात्र का भी वायरस टेस्ट पॉजिटिव आया है, जिसे फिलहाल होम आइसोलेशन में रखकर इलाज दिया जा रहा है.
पुणे भेजी गई सैंपल की जीनोम सीक्वेंसिंग
जिले में अचानक कोरोना के मामले बढ़ने के बाद स्वास्थ्य विभाग तुरंत एक्शन मोड में आ गया है. प्रभावित इलाकों में वायरस के फैलाव को रोकने के लिए स्पेशल रैपिड रिस्पॉन्स टीमों को तैनात किया गया है. टीमों ने संक्रमितों के संपर्क में आए करीब 40 लोगों के सैंपल इकट्ठे किए हैं, जिनमें से 18 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आ चुकी है, जबकि बाकी के टेस्ट नतीजों का इंतजार है. जिला परिषद की बैठक में स्वास्थ्य अधिकारियों ने पुष्टि की कि जिले में इस वक्त 8 एक्टिव केस हैं. वायरस का यह कौन सा वेरिएंट है और यह कितनी तेजी से फैल रहा है, इसका पता लगाने के लिए सैंपल्स को जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए पुणे की नेशनल लैब भेजा गया है.
प्रभावित इलाकों में ब्लीचिंग का काम शुरू
आंध्र प्रदेश की जिला इंचार्ज मंत्री सविता ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर सीएच श्रीधर और जिला मेडिकल एंड हेल्थ ऑफिसर डॉ. रवि बाबू से फोन पर आपातकालीन बात की. मंत्री ने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए हैं कि संक्रमण को किसी भी कीमत पर कडप्पा से बाहर नहीं फैलने देना है.
सरकार द्वारा जारी की गई नई गाइडलाइंस:
1. मास्क हुआ जरूरी: अस्पतालों, बस स्टैंडों और अन्य सभी सार्वजनिक व भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है.
2. आइसोलेशन सेंटर एक्टिव: बुखार, खांसी और सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण वाले मरीजों की पहचान के लिए घरघर सर्वे करने और जरूरत पड़ने पर उन्हें तुरंत आइसोलेशन सेंटर में शिफ्ट करने को कहा गया है.
3. कांटेक्ट ट्रेसिंग: संक्रमित मरीजों के परिवार के सदस्यों का तुरंत टेस्ट किया जाएगा. पॉजिटिव आने पर उन्हें अस्पताल के स्पेशल वार्ड और नेगेटिव आने पर होम आइसोलेशन में रखा जाएगा.
4. सैनिटाइजेशन ड्राइव: प्रभावित इलाकों में युद्धस्तर पर साफसफाई, सैनिटाइजेशन और ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव का काम शुरू कर दिया गया है.
पूरे आंध्र प्रदेश में हेल्थ अलर्ट
कडप्पा में हुई इन दो मौतों के बाद राज्य सरकार ने एहतियात के तौर पर पूरे आंध्र प्रदेश में COVID19 अलर्ट जारी कर दिया है. सभी जिला प्रशासनों से अपने यहां टेस्टिंग, रिपोर्टिंग सिस्टम और इंफेक्शन कंट्रोल मैकेनिज्म को मजबूत करने के लिए कहा गया है.
राज्य के सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को निर्देश दिए गए हैं कि वे वेंटिलेटर, पर्याप्त बेड और जरूरी दवाओं के साथ अपने आइसोलेशन वार्ड्स को पूरी तरह तैयार रखें. हालांकि, स्वास्थ्य अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, बल्कि सतर्क रहें; साफसफाई का ध्यान रखें, भीड़ में जाने से बचें और लक्षण दिखते ही तुरंत नजदीकी डॉक्टर से संपर्क करें.