
भारत में बहुत से लोग सोने के गहने पहनना पसंद करते हैं. कई महिलाएं डेली वियर में सोने के गहने कैरी करती हैं. बहुत सी महिलाओं को ये शिकायत होती है कि सोने के गहने लंबे समय तक पहनने या रखने के बाद काले पड़ जाते हैं और इनकी चमक भी फीकी पड़ जाती है. कई लोग इसे साफ करवाने के लिए बार-बार काले पड़ गए गहनों के साथ सुनार के चक्कर लगाते हैं. गहनों की सफाई में काफी खर्च भी होते है और बार-बार केमिकल के कॉन्टैक्ट में आने से गहनें खराब भी हो जाते हैं. आज हम आपको बताएंगे कैसे आप घर पर गुनगुने में कुछ चीजें मिलाकर गोल्ड ज्वेलरी को नए की तरह चकाचक कर सकते हैं.
गुनगुने पानी में मिलाए ये चीजें
सोने के गहनों की सफाई करने के लिए गुनगुने पानी में साबुन का पानी मिक्स कर लें. आप साबुन के पानी की जगह शैम्पू का भी इस्तेमाल कर सकते हैं. अब इस पानी में बेकिंग सोडा मिला कर अच्छी तरह से मिक्स कर लें. ध्यान रखें कि पानी ज्यादा गर्म ना हो.
मिक्स
अब इस पानी में नींबू का रस और नमक डाल कर इसे मिक्स कर लें. अब काले पड़े सोने के गहनों को इस पानी में डाल कर आधे घंटे के लिए रख दें. आधे घंटे के बाद गहनों को इस पानी से निकाल कर एक अलग कटोरी में गुनगुने पानी में डाल कर रख लें.
ब्रश से करें सफाई
अब गहनों को एक-एक कर के ब्रश की मदद से रगड़ कर साफ कर लें और कॉटन के कपड़े से अच्छी तरह से पोंछ लें. ध्यान रखें की गहनों पर पानी ना लगा रहे.आप गहनों को इस टिप्स की मदद से महीने में एक बार साफ कर सकते हैं. इससे गहनें हमेशा नए की तरह चकाचक रहेंगे.
बजट फ्रेंडली और सेफ
क्लीनिंग का ये तरीका बजट फ्रेंडली होने के साथ ही काफी ज्यादा सेफ भी माना जाता है. कई सुनार सोने के गहनें साफ करने की आड़ में गहनों से सोने को झाड़ लेते हैं और लोगों को पता भी नहीं लगता है. इस टिप्स की मदद से आप घर पर आसानी से काले पड़े सोने के गहने साफ कर सकते हैं.




