
यूपी के कानपुर में ‘मैं ठाकुर हूं’ बोलकर चर्चा में आईं महिला बैंककर्मी के साथ उन्हीं के शहर में बैंक से घर जाते समय छेड़छाड़ हुई है। ई-रिक्शा से सफर के दौरान पहले उनके दोनों पैरों के बीच सामने बैठे युवक ने अपना पैर डाल दिया।
इसके बाद उनके कुर्ते में भी हाथ डालने की कोशिश की। बैंककर्मी ने इसका विरोध किया और युवक की पिटाई भी की। अश्लील हरकत के बाद का एक सात सेकेंड का वीडियो भी पोस्ट किया है। इसमें एक व्यक्ति उनके पास से गुजरता दिखाई दे रहा है जिसे बैंककर्मी डांटते हुए गालियां देते सुनाई दे रही हैं। दूसरे वीडियो के जरिए बैंककर्मी ने अपने साथ हुई घटना को सिलसिलेवार तरीके से बताया है।
ई-रिक्शा में सफर के दौरान हुई घटना
महिला के अनुसार बैंक से ड्यूटी खत्म कर वह अपने घर जा रही थीं। परेड चौराहे के पास से मेट्रो तक जाने के लिए एक ई-रिक्शा में सवार हुई थीं। उनके बगल में एक आंटी बैठी थीं और सामने की सीट पर एक मुस्लिम युवक बैठा था। बैठने के थोड़ी देर बाद ही युवक ने अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। पहले बैंककर्मी के दोनों पैरों के बीच अपना पैर डाल दिया। फिर उनके शरीर को भी हाथ टच किया। बैंककर्मी के अनुसार पब्लिक ट्रांसपोर्ट में होने के कारण उन्होंने पहले यह सोचकर इसे इग्नोर कर दिया कि शायद गलती से हुआ है।
दस सेकेंड बाद ही युवक ने बैंककर्मी की जांघ पर हाथ रख दिया। उनके कुर्ते के अंदर तक हाथ डाल दिया। इतना होते ही बैंककर्मी का गुस्सा सातवें आसमान पर चढ़ गया। पहले युवक को धक्का देते हुए थप्पड़ मारा फिर उसके हाथों पर मुक्का मारा। बैंककर्मी के अनुसार जिस जगह पर यह घटना हुई वह मुस्लिम कम्यूनिटी का इलाका था, ऐसे में ज्यादा कुछ बोल नहीं पाई।
अपनी बहू-बेटियों को बुरका, दूसरे के घर की इज्जत से खिलवाड़
बैंककर्मी के विरोध करते ही युवक ने उल्टा उसे ही नसीहत दे दी। कहा कि तुम्हे बैठने की तमीज नहीं है। बैंककर्मी के अनुसार ऐसा व्यक्ति मुझे नसीहत देकर चला गया जो अपने घर की बहू-बेटियों को बुर्का में रखते हैं ताकि उनकी शक्ल भी कोई न देखे और दूसरे के घर की इज्जत के साथ खिलवाड़ करते हैं। आगे यह भी कहती हैं कि यह सेक्यूलर पर तमाचा है। अभी भी समय है जाग जाओ। हम लोग जो भाई-भाई कहते हैं, उसकी जगह अपनी पहचान बनाओ और इनको इनकी औकात दिखाओ।
सात सेकेंड वाले वीडियो में क्या है?
महिला बैंककर्मी ने सात सेकेंड का छेड़छाड़ के बाद का वीडियो भी पोस्ट किया है। दावा किया कि उनके पास ई-रिक्श के अंदर हुई अश्लील हरकत का भी वीडियो है। उस वीडियो को भी जल्द पोस्ट करेंगी। सात सेकेंड के वीडियो में बैंककर्मी एक व्यक्ति को डांटते हुए गालियां दे रही हैं। पीछे से कुछ अन्य लोगों की भी आवाज आ रही है। लोग कहते हैं क्या हो रहा है, अरे इधर आओ। लेकिन युवक बिना किसी की बात सुने वहां से भाग निकलता है।












